खूंटी:
Khunti News: झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। इस दर्दनाक दुर्घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट साझा कर मृतकों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पोस्ट में लिखा, “खूंटी के कर्रा में हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मृत्यु की हृदयविदारक खबर से मन व्यथित है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर और शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें। हादसे में इलाजरत घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”

स्कूटी दुर्घटना के बाद जुटी भीड़ को ट्रक ने रौंदा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास की कॉलोनी के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को देखने और राहत-बचाव के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने सड़क पर खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया और पुलिया तोड़ते हुए नीचे गड्ढे में जा गिरा। इस भयावह हादसे में दो बच्चों समेत सात लोगों की जान चली गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

11 महीने के बच्चे और उसकी मां की भी मौत
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों में 11 माह का सौरभ नायक और उसकी मां अंजली कुमारी भी शामिल हैं। हादसे में पाको देवी (60 वर्ष), जयंती देवी, मानहु देवी, गोलू कुमार और तूती कुमारी की भी मौत हो गई। वहीं, पांच वर्षीय खुशबू कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका इलाज खूंटी सदर अस्पताल में चल रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस, घायल बच्ची अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार और तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम ने भी राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को बेहतर इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे के बाद चालक और खलासी फरार
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद जोने-लुदरू और आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है। एक साथ सात लोगों की मौत से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।