logo

झारखंड में दीपावली पर मौसम रहेगा साफ, 9 नवंबर से बारिश के आसार; 4 डिग्री तक गिरेगा पारा

झारखंड में दीपावली पर मौसम रहेगा साफ, 9 नवंबर से बारिश के आसार; 4 डिग्री तक गिरेगा पारा

झारखंड/वेदर:
Jharkhand Weather Update:
झारखंड में चक्रवात ‘मुरासू’ का प्रभाव समाप्त होने के बाद मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी रांची समेत राज्य के ज्यादातर जिलों में अब आसमान साफ रहने लगा है। सुबह हल्का कुहासा और इसके बाद दिन में खिली धूप देखने को मिल रही है। मौसम के इस बदलाव के बीच दीपावली पर भी बारिश की कोई चिंता नहीं है। हालांकि, त्योहार के बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 8 नवंबर तक मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं भी बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में दीपावली के दौरान मौसम लोगों का साथ देगा। वहीं, 9 नवंबर से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है, जिसका असर अगले तीन दिनों तक देखने को मिलेगा।

9 नवंबर से उत्तर-पूर्वी झारखंड में बारिश के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक, 9 से 11 नवंबर के बीच झारखंड के उत्तर-पूर्वी जिलों में बादल छाने और कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान राजधानी रांची में भी मौसम का आंशिक असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, राज्य के सभी हिस्सों में बारिश होने का अनुमान नहीं है।

अगले कुछ दिनों में बढ़ेगी ठंड, 4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
झारखंड में आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद दो दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है। वहीं, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। इससे सुबह और देर रात ठंड बढ़ेगी, जबकि दिन में धूप के कारण मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक बना रहेगा।

लातेहार में सबसे ठंडी रही रात
पिछले 24 घंटे के मौसम आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में दर्ज किया गया। यहां पारा 13.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट के अनुमान के बीच राज्य के कई इलाकों में सुबह और रात की ठंड बढ़ सकती है।
 

Tags - Jharkhand WeatherRanchi NewsIMD ForecastCyclone MurasooWinter Update