logo

हजारीबाग में पुलिस और अंशु दुबे के बीच मुठभेड़, राहुल दुबे गिरोह के गुर्गे के पैर में लगी गोली; हथियार बरामद

हजारीबाग में पुलिस और अंशु दुबे के बीच मुठभेड़, राहुल दुबे गिरोह के गुर्गे के पैर में लगी गोली; हथियार बरामद

हजारीबाग:  
Hazaribagh News:
हजारीबाग के उरीमारी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय गुर्गे अंशु दुबे के बीच मुठभेड़ हो गई। कर्मा टिल्हा जंगल में हुई इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंशु दुबे के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग रेफर कर दिया गया। घटना की पुष्टि हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि घायल आरोपी खतरे से बाहर है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हथियार बरामदगी के लिए जंगल पहुंची थी पुलिस 
कुछ दिन पहले उरीमारी थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने अंशु दुबे को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने फायरिंग की घटना में अपना जुर्म कबूल कर लिया था। इसके बाद आरोपी ने पुलिस को बताया कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार को उसने कर्मा टिल्हा जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखा है। उसने जंगल में एक पर्चा छिपाकर रखने की जानकारी भी पुलिस को दी थी।

जंगल में हथियार निकालकर पुलिस पर की फायरिंग
अंशु दुबे की निशानदेही पर उरीमारी थाना के अधिकारी और जवान उसे हथियार बरामद करने के लिए कर्मा टिल्हा जंगल लेकर पहुंचे थे। वहां पहुंचते ही आरोपी ने छिपाकर रखे हथियार को निकाल लिया और अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने आरोपी को काबू करने और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस की गोली अंशु दुबे के पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

मौके से पिस्टल और पर्चा बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से उस हथियार को बरामद कर लिया, जिससे अंशु दुबे ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। इसके अलावा जंगल में छिपाकर रखा गया पर्चा भी पुलिस के हाथ लगा है। पुलिस अब पर्चे की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसका संबंध किस घटना से है और उसमें क्या लिखा हुआ है।

राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य है अंशु दुबे
पुलिस के अनुसार, अंशु दुबे राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय गुर्गा है। क्षेत्र में हुई कई घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। 

Tags - Hazaribagh EncounterAnshu Dubey ShotRahul Dubey GangUrimari FiringJharkhand Crime News