जामताड़ा:
Jamtara News: जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के अंबा पंचायत स्थित गड़शिमला के प्राचीन काली मंदिर में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर से पीतल और कांसे के लगभग 90 घंटे चुरा लिए हैं। चोरी गए इन सभी घंटों का कुल वजन करीब ढाई क्विंटल और अनुमानित बाजार मूल्य लगभग तीन लाख रुपये आंका गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में भारी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु एकत्र हो गए।

मंदिर से 90 घंटे गायब, पहले बंधे थे 250 घंटे
मंदिर के पुजारी सिंटू चक्रवर्ती और सद्दहीन चक्रवर्ती ने बताया कि मंदिर परिसर में पहले से कुल 250 घंटे बंधे हुए थे, जिनमें से 90 घंटे गायब हैं। चोरी गए घंटों में पीतल और कांसे दोनों धातुओं के घंटे शामिल हैं। पुजारियों के अनुसार, इस प्राचीन मंदिर में हजारों वर्षों से पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है। हैरानी की बात यह है कि आज तक मंदिर से कभी किसी छोटी वस्तु की भी चोरी नहीं हुई थी। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में घंटों की चोरी होने से स्थानीय श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

मंदिर में चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए सुजीत चक्रवर्ती, बप्पा नायक और जयंत सिंह ने कहा कि मंदिर से इतनी बड़ी मात्रा में घंटों का गायब होना एक गंभीर मामला है। इससे मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस घटना की गहन जांच करने, इसमें शामिल चोरों की जल्द से जल्द पहचान करने और चोरी गए सभी घंटों की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है।

चोरी की घटना से इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल, सभी ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और खुलासे पर टिकी हुई हैं।

पुलिस को मिली सूचना, जांच के बाद सामने आएगी विस्तृत जानकारी
मामले को लेकर कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने जानकारी दी है कि मंदिर से घंटे चोरी होने की सूचना पुलिस को मिल चुकी है। पुलिस इस मामले में तेजी से जांच और अनुसंधान कर रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इस घटना से जुड़ी विस्तृत और आधिकारिक जानकारी साझा की जा सकेगी।