द फॉलोअप डेस्क
JAC ने आज 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है, जिसमें रांची के सन्नी वर्मा ने पूरे राज्य में टॉप किया है। सन्नी ने 99.60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं और अपनी मेहनत व लगन से झारखंड का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि की खूब चर्चा हो रही है।

साधारण परिवार से निकलकर हासिल की बड़ी सफलता
सन्नी वर्मा रांची के मधुकम इलाके में किराए के एक कमरे में अपने परिवार के साथ रहते हैं। मूल रूप से उनका परिवार हजारीबाग का रहने वाला है। उनके पिता ब्रजेश कुमार वर्मा अपर बाजार में कपड़े की दुकान में सेल्समैन का काम करते हैं और परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए रात में गार्ड की नौकरी भी करते हैं। उनकी मां कपड़ा सिलाई का काम कर परिवार का सहयोग करती हैं। सन्नी का एक छोटा भाई भी है।

संत अलोइस स्कूल का छात्र, हमेशा से रहा होनहार
सन्नी वर्मा संत अलोइस स्कूल के छात्र हैं और शुरू से ही पढ़ाई में अत्यंत मेधावी रहे हैं। उनके अभिभावकों के अनुसार वे हमेशा कक्षा में टॉप करते रहे हैं और अनुशासित छात्र के रूप में जाने जाते हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद सन्नी ने अपनी मेहनत और लगन से यह बड़ा मुकाम हासिल किया है, जिससे उनके परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है।