logo

रामगढ़ में होमगार्ड बहाली की महिला अभ्यर्थियों की दौड़ स्थगित

रामगढ़ में होमगार्ड बहाली की महिला अभ्यर्थियों की दौड़ स्थगित

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

रामगढ़ जिले में चल रही होमगार्ड बहाली प्रक्रिया पर चक्रवाती तूफान अर्नब का असर देखने को मिला है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने पतरातू में होने वाली महिला अभ्यर्थियों की दौड़ स्थगित कर दी है। गुरुवार, 29 अक्टूबर को पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा निर्धारित थी। लेकिन खराब मौसम और अभ्यर्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इसे अगले आदेश तक स्थगित करने का फैसला लिया है।

अभ्यर्थियों की सहमति के बाद लिया गया फैसला

जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, परीक्षा स्थल पर मौजूद संबंधित महिला अभ्यर्थियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद उनकी सहमति से दौड़ स्थगित करने का निर्णय लिया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला केवल 29 अक्टूबर को निर्धारित पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा पर लागू होगा। अन्य शेष प्रखंडों की शारीरिक दक्षता परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।

आधिकारिक माध्यमों से मिलेगी नई तारीख की जानकारी

स्थगित परीक्षा की अगली तिथि की जानकारी रामगढ़ जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट (एनआईसी पोर्टल) और आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से जारी की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और परीक्षा की नई तारीख के लिए आधिकारिक माध्यमों पर नजर बनाए रखें। बता दें कि चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से रांची, रामगढ़, पलामू, जामताड़ा समेत झारखंड के कई जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Tags - Ramgarh News Jharkhand News Home Guard Recruitment Cyclone Arnab Weather Alert