जामताड़ा:
Jamtara News: जामताड़ा जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर जिला नियोजनालय की ओर से राजकीय आईटीआई कॉलेज, करमाटांड़ में इस मेले का आयोजन होगा। इसमें 9 स्थानीय और बाहरी निजी नियोजक हिस्सा लेंगे।

8वीं पास से इंजीनियरिंग डिग्री धारकों तक को मौका
रोजगार मेले में 8वीं पास से लेकर इंजीनियरिंग डिग्री धारक अभ्यर्थियों तक को नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से डिप्लोमा अप्रेंटिस, ट्रेनी, वीडियो क्रिएटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, टेली कॉलर, असेंबली ऑपरेटर, क्वालिटी डिपार्टमेंट, सीएनसी ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, बाउंसर, इंश्योरेंस कंसल्टेंट और मशीन ऑपरेटर समेत विभिन्न पदों पर 879 से अधिक नियुक्तियां की जाएंगी। जो इच्छुक युवा अब तक जिला नियोजनालय में पंजीकृत नहीं हैं, वे जिला नियोजनालय कार्यालय या झार नियोजन पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए नियोजनालय में पंजीकरण कराना आवश्यक है।

जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचें अभ्यर्थी
इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, जाति प्रमाण पत्र, स्थानीय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति और बायोडाटा के साथ रोजगार मेले में शामिल होना होगा। मेला 31 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक राजकीय आईटीआई कॉलेज, करमाटांड़ में आयोजित किया जाएगा। युवाओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।