logo

एशियन गेम्स में Gold Medal जीतकर रांची लौटीं झारखंड की 4 चैंपियन बेटियां, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

एशियन गेम्स में Gold Medal जीतकर रांची लौटीं झारखंड की 4 चैंपियन बेटियां, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

रांची: 
Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल मुकाबले में चीन को 1-0 से हराकर 44 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में झारखंड की बेटियों का भी अहम योगदान रहा। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान झारखंड की बेटी सलीमा टेटे रहीं। वहीं टीम में झारखंड की ओलंपियन निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और युवा स्टार खिलाड़ी दीपिका सोरेंग भी शामिल थीं। चारों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से झारखंड के साथ-साथ पूरे देश का गौरव बढ़ाया।

एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत
ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद रविवार को जापान से बेंगलुरु होते हुए चारों चैंपियन बेटियां अपने गृह राज्य झारखंड की राजधानी रांची पहुंचीं। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए हॉकी झारखंड के पदाधिकारी, खिलाड़ियों के अभिभावक, सैकड़ों हॉकी खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेलप्रेमी ढोल-नगाड़ों के साथ मौजूद थे। जैसे ही चारों खिलाड़ी एयरपोर्ट से बाहर निकलीं, पूरा परिसर ढोल-नगाड़ों की गूंज से झूम उठा। स्वागत के लिए मौजूद खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने हॉकी स्टिक उठाकर और फूल-मालाओं के साथ अपनी चैंपियन बेटियों का जोरदार अभिनंदन किया।

माता-पिता से मिलकर भावुक हुईं खिलाड़ी
स्वागत समारोह का सबसे भावुक पल उस समय देखने को मिला, जब चारों खिलाड़ियों ने अपने माता-पिता और परिजनों से मुलाकात की। खिलाड़ियों ने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान परिवार के सदस्यों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ नजर आया। इसके बाद हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने चारों खिलाड़ियों को फूल-मालाएं पहनाकर, बुके देकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों के सम्मान में जमकर नारे भी लगाए गए।

'भारत माता की जय' के नारों से गूंजा एयरपोर्ट
चारों चैंपियन बेटियों के स्वागत के दौरान पूरा बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर 'भारत माता की जय', 'झारखंड की बेटियां जिंदाबाद' और भारतीय हॉकी के जयघोष से गूंज उठा। खिलाड़ियों के स्वागत को लेकर एयरपोर्ट पर उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

हॉकी जगत की कई हस्तियां रहीं मौजूद
स्वागत समारोह में हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, कोषाध्यक्ष अस्रिता लकड़ा, महानिदेशक विजय शंकर सिंह, एसोसिएट उपाध्यक्ष माइकल लाल, संयुक्त सचिव दुलारी टोपनो, झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार, SERSA के प्रशांत मुखर्जी, झारखंड की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति, सुमराय टेटे, हॉकी सिमडेगा के कमलेश्वर मांझी, हॉकी खूंटी के दशरथ महतो, SAI के पूर्व कोच विश्वनाथ सिंह, हॉकी कोच करुणा पूर्ति, शिक्षा विभाग के चंद्रदेव सिंह सहित चारों खिलाड़ियों के परिजन, सैकड़ों हॉकी खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे।

सिर्फ खिलाड़ियों का नहीं, झारखंड की हॉकी संस्कृति का सम्मान
एशियन गेम्स में 44 वर्षों बाद भारतीय महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली इन चारों झारखंडी बेटियों का यह स्वागत सिर्फ खिलाड़ियों का अभिनंदन नहीं था, बल्कि झारखंड की उस समृद्ध हॉकी संस्कृति, संघर्ष और प्रतिभा का सम्मान भी था, जिसने देश को लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई सितारे दिए हैं। सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग की इस उपलब्धि ने झारखंड की नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए भी एक नई प्रेरणा कायम की है।
 

Tags - Asian Games 2026Indian Women HockeySalima TeteJharkhand SportsRanchi News