द फॉलोअप डेस्क, रांची:
अब पीएफ (PF) खाते से 90 फीसदी तक राशि निकाल सकेंगे। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पीएफ खाते से आंशिक निकासी के नियमों में बड़ी राहत दी है। नए नियमों के तहत अब पात्र पीएफ सदस्य जमा राशि से 90 फीसदी तक रकम निकाल सकेंगे। पहले इसकी सीमा केवल 75 फीसदी थी। ईपीएफओ के केंद्रीय न्यासी बोर्ड की गुरुवार को 240वीं बैठक में कई बदलावों को मंजूरी दी गई है। ईपीएफओ ने बीते वर्ष अक्टूबर में लागू कई नियम वापस भी लिए हैं। नए फैसले के मुताबिक पीएफ खाते में न्यूनतम राशि रखने की शर्त को 25 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी कर दिया गया है। इसका फायदा यह होगा कि सदस्य अपने पीएफ खाते में मौजूद रकम का अधिक हिस्सा निकाल पाएंगे। हालांकि, निकासी के लागू पात्रता और दूसरी शर्तें पहले की तरह रहेंगी।
गौरतलब है कि यह फैसला उन कर्मचारियों को बड़ी राहत देगा जो घर लेने, बच्चों की पढ़ाई, शादी या मेडिकल के लिए पैसे निकालना चाहते हैं। नए नियमों के मुताबिक नौकरी जाने पर 2 माह के बाद पीएफ खाते से पूरा पैसा निकाल सकते हैं। पिछले वर्ष अक्टूबर में इस अवधि को 12 महीने किया गया था। बोर्ड ने दोबारा इसे 2 महीने करने को मंजूरी दी है।

कर्मचारी किश्तों में निकाल सकेंगे पीएफ राशि
गौरतलब है कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन जल्द ही अपने सदस्यों के लिए नई सुविधा शुरू करने जा रहा है। इसके लिए ईपीएफओ के केंद्रीय न्यासी बोर्ड ने व्यवस्थित निकासी योजना शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। नई व्यवस्था के तहत रिटायर्ड कर्मचारी पूरी रकम एकमुश्त निकालने की जगह तय समय अंतराल पर नियमित किश्तों में प्राप्त कर सकेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि नई व्यवस्था से जुड़े प्रावधान अगले 2 महीने में लागू हो जाएंगे। इस व्यवस्था में सदस्य अपनी जरूरत के मुताबिक नियमित अंतराल पर रकम निकाल सकेंगे। खाते में बची हुई रकम पर पीएफई की लागू ब्याज दर के अनुसार ब्याज मिलता रहेगा।
इसके अलावा आंशिक एकमुश्त निकासी के साथ बाकी रकम से नियमित भुगतान और सिर्फ ब्याज निकालने जैसे विकल्प भी मिलेंगे। साथ ही योजना को बीच में बंद करके बची हुई रकम को निकालने की सुविधा भी मिलेगी।

मौजूदा व्यवस्था में पूरी रकम निकालनी पड़ती है
मौजूदा नियमों के मुताबिक 58 साल की उम्र में सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारी को पीएफ खाते में जमा पूरी रकम निकालनी पड़ती है। वहीं, कम से कम 10 साल की पात्रता सेवा पूरी करने वाले कर्मचारी को कर्मचारी पेंशन योजना के तहत मासिक पेंशन मिलती है। नए प्रस्ताव में सेवानिवृत्ति के बाद पीएफ की पूरी रकम एक साथ निकालना जरूरी नहीं होगा। गौरतलब है कि 55 साल से अधिक आय़ु के करीब 6.32 लाख सदस्यों को सीधा लाभ मिलेगा। जिनके खाते में 5 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं।