द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
भारत ने पहले टी20 मैच में अफगानिस्तान को हरा दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। अफगानिस्तान द्वारा दिए गए 156 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 13.4 ओवर में महज 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत में अभिषेक शर्मा ने 82 तो वहीं ईशान किशन ने 42 रनों का योगदान दिया। संजू सैमसन, हालांकि पारी की शुरुआत में जल्दी आउट हो गए और महज 10 रन ही बना सके, लेकिन इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने आसानी से लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया। सीरीज का दूसरा और तीसरा मुकाबला 15 और 17 सितंबर को इसी मैदान पर खेला जायेगा।

अभिषेक-ईशान की विस्फोटक बल्लेबाजी
अभिषेक शर्मा ने अपने चिर-परिचित अंदाज में विस्फोटक बल्लेबाजी की और महज 32 गेंदों पर 7 चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 82 रन की पारी खेली। ईशान किशन ने 33 गेंदों पर 42 रन बनाए और अपनी इस पारी के दौरान 5 चौका और 1 छक्का लगाया। इन दोनों के आउट होने बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने जीत की औपचारिकता पूरी की।
.jpeg)
लड़खड़ाकर संभल गया अफगानिस्तान
इससे पहले भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। गेंदबाजों ने कप्तान को सही साबित करते हुए महज 43 रन के स्कोर पर उनकी आधी टीम को पवेलियन भेज दिया था, लेकिन फिर अजमतुल्लाह ओमरजई और मोहम्मद नबी के बीच लंबी पार्टनरशिप हुई और अफगानिस्तान 155 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहा। अजमतुल्लाह उमरजई ने 44 गेंदों पर 64 रन (4 चौका, 4 छक्का) और मोहम्मद नबी ने 27 गेंदों पर 33 रन (2 चौका,2 छक्का) बनाया। इनके अलावा केवल 2 ही और बैटर दहाई का आंकड़ा छू सके। अफगानिस्तान के 2 बैटर शून्य के स्कोर पर आउट हो गये।

अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे
टीम इंडिया के लिए अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 4 ओवर में महज 19 रन देकर 3 बैटर्स को आउट किया। वरुण चक्रवर्ती सबसे किफायती रहे जिन्होंने अपने स्पैल में महज 16 रन ही खर्च किया। शिवम दुबे को 1 ओवर में 21 रन पड़े वहीं लंबे समय बाद वापसी करने वाले जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 26 रन देकर 1 बैटर को आउट किया।