logo

वूमेन एशिया कप का फाइनल आज, दुबई में श्रीलंका से भिड़ेगी टीम इंडिया; किसका पलड़ा भारी!

वूमेन एशिया कप का फाइनल आज, दुबई में श्रीलंका से भिड़ेगी टीम इंडिया; किसका पलड़ा भारी!

द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:

वूमेन एशिया कप-2026 का फाइनल मैच आज दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया, श्रीलंका से भिड़ेगी। श्रीलंका ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान तो वहीं भारत ने बांग्लादेश को हराया है। एशिया कप में भारत का पलड़ा, श्रीलंका पर भारी है। दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में 16 बार भिड़ी हैं जिनमें टीम इंडिया ने  14 मुकाबले जीते हैं। श्रीलंका को केवल 2 मैचों में जीत मिली, जिनमें से एक इस टूर्नामेंट के पिछले संस्करण का फाइनल था। महिला एशिया कप में भारत और श्रीलंका के बीच 5 बार फाइनल मुकाबला खेला गया है, जिनमें 4 मैच भारत ने जीता है।

भारत ने एशिया कप फाइनल में श्रीलंका को 2005, 2006, 2008 और 2022 में हराया है। 2024 में टीम इंडिया,  श्रीलंका के हाथों 8 विकेट से हार गई थी।

2004 द्विपक्षीय सीरीज के फॉर्मेट में हुआ एशिया कप
गौरतलब है कि 2004 में एशिया कप का पहला संस्करण भारत और श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय सीरीज के रूप में खेला गया था। इसमें सभी 5 मुकाबले भारत ने जीते। मौजूदा फॉर्म को देखें तो भारतीय टीम, श्रीलंका के मुकाबले मजबूत नजर आती है। हालांकि, श्रीलंका के गेंदबाज भारतीय मध्यक्रम को परेशान कर सकते हैं। वहीं, बल्लेबाजी में श्रीलंका के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों की परीक्षा ले सकती हैं। सेमीफाइनल में श्रीलंका की कविशा, हर्षिता और नीलाक्षी ने मिडिल ऑर्डर में बढ़िया साझेदारी करके पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली थी। 

स्मृति मंधाना से बड़ी शुरुआत की उम्मीद की जायेगी
एशिया कप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया को ओपनिंग जोड़ी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा से बढ़िया शुरुआत की उम्मीद होगी। शेफाली वर्मा ने तो पिछले मैच में मुश्किल विकेट पर अर्धशतकीय पारी खेली थी, लेकिन स्मृति मंधाना जल्दी आउट हो गई थीं। चूंकि, प्रतीका रावल, कप्तान हरमनप्रीत कौर और भारती फूलमाली बैट से संघर्ष कर रही हैं तो ऐसे में और जरूरी हो जाता है कि स्मृति मंधाना बड़ी शुरुआत दिलाएं। ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा ने टुकड़ों में बैट से प्रभावित किया है। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की गेंदबाजी बढ़िया रही है। दीप्ति शर्मा, श्रीचरनी और प्रेमा रावत की स्पिन तिकड़ी ने विरोधी टीम को पांव जमाने का मौका ही नहीं दिया है। 

हालांकि, भारतीय गेंदबाजों को श्रीलंका में मध्यक्रम की बैटर्स हर्षिता, नीलाक्षी और कविशा की मुश्किल चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। अब तक बल्ले से नाकाम रहीं कप्तान चमारी अट्टापट्टू भी लय में लौट सकती हैं। पिछले एशिया कप में चमारी अट्टापट्टू ने ही अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से मुकाबला एकतरफा बना दिया था। 
 

Tags - Women Asia Cup FinalINDvsSLHarmanpreet KaurChamari AttapattuCricket