द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
चोट ने चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है। तेज गेंदबाज खलील अहमद इस सीजन के बाकी मुकाबले नहीं खेल पाएंगे। हेमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से वह बाहर हो गए हैं। फ्रेंचाइजी के सीईओ काशी विश्वनाथन ने इसकी पुष्टि की है। गौरतलब है कि पहले ही टीम के स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धौनी लिंगामेंट इंजरी की वजह से शुरुआती मैचों में नहीं खेल पा रहे हैं, हालांकि उन्होंने प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में भी धौनी की उपलब्धता निश्चित नहीं है।

केकेआर के खिलाफ मैच में लगी थी चोट
गौरतलब है कि कोलकाता नाइट राईडर्स के खिलाफ बीते मुकाबले में 17वां ओवर डालने आए खलील अहमद 5वीं गेंद पर रनअप के दौरान काफी असहज नजर आए। उनके बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग खींच गई थी। 5वीं गेंद फेंकने के लिए रनअप लेते हुए वह पिच पर रूक गए, थोड़ा रुके और दोबारा गेंदबाजी करना चाहा, लेकिन उनके चेहरे पर असहनीय पीड़ा नजर आई। उनका ओवर गुरजपनीत सिंह ने पूरा किया।

इंजरी से जूझ रहा सीएसके मैनेजमेंट
गौरतलब है कि सीएसके का मैनेजमेंट पहले ही चोट से जूझ रहा है। महेंद्र सिंह धौनी चोटिल हैं। तेज गेंदबाज नाथन एलिस भी इंजरी की वजह से बाहर हैं और उनके रिप्लेसमेंट के रूप में स्क्वाड में शामिल किए गये स्पेंसर जॉनसन ने चोट की वजह से टीम को ज्वॉइन नहीं किया है। सीईओ काशी विश्वनाथन ने कहा कि कोच ऋतुराज गायकवाड़ और हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग से चर्चा के बाद खलील अहमद के रिप्लेसमेंट को लेकर फैसला होगा।

महेंद्र सिंह धौनी का खेलना भी संदिग्ध है
काफ स्ट्रैन की इंजरी से जूझ ररहे महेंद्र सिंह धौनी 44 साल के हो चुके हैं। उन्होंने अभी तक कोई मुकाबला नहीं खेला है। उन्होंने टीम के साथ अभ्यास किया है लेकिन मैच के दौरान डगआउट में नजर नहीं आते हैं। टीम को अगला मुकाबला शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलना है, लेकिन इसमें भी धौनी का खेलना संदिग्ध है। टीम ने अभी तक 5 मुकाबले खेले हैं और लगातार 3 हार के बाद 2 मुकाबले जीते हैं।