logo

IPL में बिहार की भी अपनी टीम होगी, सीएम सम्राट ने इस कारोबारी के सुझाव पर दिए संकेत!

a13110.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

इंडियन प्रीमियर लीग में बिहार की भी अपनी टीम होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐसे संकेत दिए हैं। दरअसल, वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के सवाल में सीएम सम्राट चौधरी ने कहा है कि वह बिहार में क्रिकेट को लेकर जनभावना को ध्यान में रखते हुए उनकी सरकार एक स्पष्ट विजन से मिशन मोड में काम कर रही है। अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर सीएम सम्राट को टैग करते हुए लिखा था कि जिस बिहार ने टीम  इंडिया को इतने सुपरस्टार खिलाड़ी दिए हैं, क्या आपको नहीं लगता कि वह भी चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राईडर्स जैसी अपनी एक बेमिसाल टीम की हकदार है। सीएम सम्राट चौधरी ने इससे सहमति जताई। 

 

मुख्यमंत्री ने सकारात्मक पहल की बात की
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में क्रिकेट को लेकर जैसी जनभावना है। सरकार एक स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ इस दिशा में मिशन मोड पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने अनिल अग्रवाल से कहा कि आपके सहयोग से बिहार क्रिकेट टीम  के संबंध में निश्चित रूप से एक सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

 

अनिल अग्रवाल ने इन खिलाड़ियों का जिक्र किया
अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पटना में जन्मे ईशान किशन ने सबसे कम गेंदों पर वनडे का सबसे तेज दोहरा शतक लगाया। समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी आईपीएल डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। आज पूरी दुनिया की नजरें गोपालगंज के एक साधारण परिवार में जन्में शाकिब हुसैन की शानदार गेंदबाजी पर टिकी है। वेदांता ग्रुप के चेयरमैन ने कहा कि मुझे यह बात हमेशा खलती है कि हमारे बिहार में क्रिकेट को दुनिया में वह पहचान और मुकाम अब तक क्यों नहीं मिला, जिसके हम सही मायनों में हकदार हैं।

अनिल अग्रवाल ने कहा कि मेरा सपना और प्रयास रहा है कि बिहार के युवाओं को प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने का पूरा मौका मिले और उन्हें यहीं बिहार में ही वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर और सहयोग मिले।  

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किनसे मांगा सहयोग
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आपके सहयोग से हम जरूर बिहार की अपनी टीम बना पाने में कामयाब होंगे। गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग में इस समय ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, मुकेश कुमार, शाकिब हुसैन जैसे बिहार के खिलाड़ी खेल रहे हैं। बिहार के ही आकाशदीप भी कोलकाता नाइट राईडर्स का हिस्सा थे, लेकिन चोट की वजह से इस सीजन में नहीं खेल सके। 
 

Tags - Bihar CricketSamrat ChoudharyAnil AgarwalIshan KishanVaibhav Suryawanshi