द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
विमेन एशिया कप-2026 का चैंपियन बनने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ट्रॉफी नहीं ली। इस फैसले पर बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि टूर्नामेंट जीतना अच्छी बात है। ट्रॉफी नहीं लेना अलग बात है। उन्होंने कहा कि हमारा स्टैंड क्लियर था कि हम मोहसिन नकवी से ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेंगे। पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद बीसीसीआई का स्टैंड साफ है कि हम मोहसीन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे। देवजीत सैकिया ने कहा कि हमने टूर्नामेंट की शुरुआत में ही स्थिति स्पष्ट कर दी थी कि, यदि पुरुष एशिया कप की तरह ही वाकया यहां प्राइज डिस्ट्रिब्यूशन सेरेमनी में दोहराया गया तो हम ट्रॉफी नहीं लेंगे।
यह पूछने पर कि यह खिलाड़ियों का फैसला था, या बोर्ड का। देवजीत सैकिया ने कहा कि कुछ भी अलग नहीं है। खिलाड़ी, बोर्ड, बोर्ड ऑफिशियल और सपोर्ट स्टाफ, सबलोग एक यूनिट हैं।

मोहसीन नकवी पाकिस्तान के गृहमंत्री
दरअसल, एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन मोहसीन नकवी पाकिस्तान के गृहमंत्री भी हैं। वर्ष 2025 में 22 जुलाई को पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों की संलिप्तता और फिर 7 मई को पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को ऑपरेशन सिंदूर के तहत निशाना बनाने के बाद पुरुष एशिया कप-2025 में भारतीय टीम ने नो हैंडशेक पॉलिसी के अलावा यह भी तय किया था कि वे एसीसी चेयरमैन मोहसीन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे। देवजीत सैकिया ने कहा कि हमने पहले ही कहा था कि एशियन क्रिकेट काउंसिल के सचिव हमें ट्रॉफी देंगे तो कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्होंने गौर नहीं किया।

टीम इंडिया ने रिकॉर्ड 8वीं बार खिताब जीता
विमेन एशिया कप-2026 के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराकर रिकॉर्ड 8वीं बार यह खिताब जीता। हालांकि, पुरुष टीम की तरह महिला टीम को भी बिना ट्रॉफी और मेडल के ही वापस लौटना पड़ा। मोहसीन नकवी ट्रॉफी देने की जिद पर अड़े थे और महिला टीम ने उनसे ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। कहा जाता है कि देवजीत सैकिया और राजीव शुक्ला ने भी उनको समझाया, लेकिन वह नहीं माने।