logo

रांची जिला स्तरीय सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू, कल अंडर-17 बालिका वर्ग का फाइनल

PLAY888.jpg

रांची
64वीं रांची जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ मंगलवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (बालिका), बारियातू में हुआ। उद्घाटन समारोह में अंडर-17 बालिका वर्ग के मैचों की शुरुआत सदर रांची के अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार ने की। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार एवं जिला शिक्षा अधीक्षक बदल राज ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उद्घाटन के दौरान रांची जिला फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव आसिफ नईम, रेफरी फरीद खान, झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के प्रतिनिधि निशिकांत पाठक समेत कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। गुब्बारे उड़ाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। बारिश के बावजूद मैदान में छात्राओं का जोश और फुटबॉल के प्रति उनका समर्पण देखने लायक था।


बालिकाओं का जज़्बा और भविष्य की उम्मीद
एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने कहा, “ऐसे आयोजन देखकर मन प्रसन्न हो जाता है। आज ये बच्चियां यहां खेल रही हैं, कल देश और अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकेंगी। बारिश में भी उनका हौसला कम नहीं हुआ, यह सचमुच प्रेरणादायक है।”
जिला शिक्षा अधीक्षक बदल राज ने कहा, “सुब्रतो मुखर्जी टूर्नामेंट बच्चों को प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देता है। इससे उनका उत्साह बढ़ता है और वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीमें प्रमंडलीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।”


तीन वर्गों की 57 टीमें, नॉकआउट आधार पर मुकाबले
इस बार प्रतियोगिता में अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक, और अंडर-17 बालिका वर्ग की कुल 57 टीमें भाग ले रही हैं। प्रत्येक वर्ग में 19-19 टीमें शामिल हैं। बालक वर्ग के मुकाबले खेलगांव के प्रैक्टिस ग्राउंड में और बालिका वर्ग के मैच बारियातू स्थित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित हो रहे हैं। सभी मैच नॉकआउट आधार पर खेले जा रहे हैं।
गुरुवार, 3 जुलाई को अंडर-17 बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला होगा। इसके बाद पहली बार लिटिल चैंप अंडर-12 बालक-बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता भी यहीं आयोजित की जाएगी।
खेल के माध्यम से नेतृत्व और अनुशासन का विकास
सुब्रतो फुटबॉल टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व जैसे गुणों के विकास का भी माध्यम है। यह स्कूली खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर देता है।
आयोजन को सफल बनाने में रांची जिला फुटबॉल एसोसिएशन, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-कर्मचारियों और प्रायोजकों की अहम भूमिका रही। विजेता टीमें अब प्रमंडलीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगी और झारखंड को गौरवान्वित करने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest