द फॉलोअप टीम, रांचीः
बेरमो के पूर्व विधायक भाजपा नेता योगेश्वर महतो बाटुल और वर्तमान विधायक कुमार जयमंगल सिंह के बीच जंग छिड़ गई है। महतो ने जयमंगल सिंह पर कोयला चोरी करवाने का आरोप लगाया है। कहा कि जयमंगल जब से विधायक बने हैं तब से रांची में रहते हैं। क्षेत्र की जनता से उन्हें कोई मतलब नहीं है। वह कोयला चोरी और कोयले की गाड़ियों का सिर्फ हिसाब करने बेरमो क्षेत्र आते हैं। इस आरोप के बाद जयमंगल ने कहा है- योगेश्वर महतो अगर एक भी आरोप को साबित कर दें तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। तमाम मीडिया के समक्ष कभी भी और कहीं भी आमने-सामने बैठकर सवाल-जवाब कर लें। उनके सारे सवालों का जवाब पूरे साक्ष्य के साथ दूंगा।

मेरे पिता की छवि ना खराब करें
जयमंगल ने कहा है कि बेरमो विधानसभा क्षेत्र में 150 दिन जनता दरबार लगा जनता की समस्या का समाधान किया है, क्षेत्र में जो विकास बाटुल जी पिछले पांच सालों में नहीं कर पाए वह मैंने एक साल में कर दिया है। एक साल में मैंने 200 करोड़ रुपये की योजना बेरमो विधान सभा में उतारा। बाटुल जी मेरे पिता राजेंद्र बाबू की छवि व गरिमा खराब करने का प्रयास करेंगे तो उनके करतूतों को उजागर करने में देर नहीं लगेगा। बाटुल जी भाजपा पार्टी छोड़ जेएमएम में आने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे हेमंत सोरेन पूरा नहीं होने दें।

जेएमएम में जाने की बात अफ़वाह
वहीं योगेश्वर महतो बाटुल का कहना है कि पिछले पांच साल में जो भी कार्य किया है वह जनता के सामने हैं। लोगों को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति कराया है। जेएमएम में जाने की बात पर उन्होंने कहा कि पार्टी के ही कुछ नेता यह अफवाह फैला रहे हैं। मैं बीजेपी का नेता हूं और बीजेपी का ही रहूंगा। पिछले पांच सालों के कार्यकाल का पूरा ब्योरा भिजवा दूंगा बेरमो विधायक आराम से बैठ कर देखें कि काय विकास हुआ है।