द फॉलोअप टीम, मुंबई:
गुजरे जमाने के दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता दिलीप कुमार का 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। दिलीप कुमार ने सात जुलाई को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में आखिरी सांस ली। वे बीते काफी समय से बीमार चल रहे थे। बीते कुछ दिनों में उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। दिलीप कुमार के निधन से पूरा बॉलीवुड स्तब्ध है। तमाम फिल्मी सितारे अपने-अपने तरीके से बॉलीवुड के ट्रेजडी किंग को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। पीएम मोदी ने भी दुख व्यक्त किया है।
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की एक संस्था चली गई
सदी के महानायक ने अमिताभ बच्चन ने भी दिलीप कुमार के निधन पर दुख व्यक्त किया। ऑफिशियल ट्विटर हैंडल के जरिए दिलीप कुमार को श्रद्धांजिल अर्पित करते हुए बिग बी ने लिखा कि एक संस्था चली गई। भारतीय सिनेमा का इतिहास जब भी लिखा जाएगा, वह हमेशा 'दिलीप कुमार से पहले और दिलीप कुमार के बाद' लिखा जाएगा। मेरी दुआ है कि उनकी आत्मा को शांति मिले। ईश्वर परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।
भारतीय सिनेमा जगत ने खोया सर्वश्रेष्ठ अभिनेता
बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान ने भी दिलीप कुमार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। पहले भी सलमान खान दिलीप कुमार को अपना आदर्श बताते रहे हैं। सलमान खान ने ट्वीट कर लिखा कि भारतीय सिनेमा जगत ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता देखा और आगे भी देखेंगे। rip दिलीप साहब।
अक्षय कुमार ने दिलीप कुमार को बताया अपना हीरो
खिलाड़ी अक्षय कुमार ने भी दिवंगत दिलीप कुमार को याद किया। उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए अक्षय कुमार ने लिखा कि दुनिया के लिए और भी हीरो हो सकते हैं लेकिन हमारे लिए दिलीप कुमार ही हीरो थे। दिलीप कुमार सर भारतीय सिनेमा का एक पूरा युग अपने साथ ले गये। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।
एक संस्था और एक कालातीत अभिनेता चला गया
अभिनेता अजय देवगन ने भी दिलीप कुमार के निधन पर दुख व्यक्त किया। अजय देवगन ने लिखा कि दिग्गज दिलीप कुमार के साथ कई पल साझा किए...कुछ बेहद निजी, कुछ मंच पर। फिर भी, वास्तव में उनके निधन के लिए तैयार नहीं था। एक संस्था, एक कालातीत अभिनेता। सायरा के प्रति गहरी संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।
युग की समाप्ति जिसका नाम है दिलीप कुमार
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज निर्देशकों में शुमार किए जाने वाले सुभाष घई ने भी शोक व्यक्त किया। ऑफिशियल ट्विटर पर सुभाष घई ने लिखा कि एक युग की समाप्ति। जिसका नाम है दिलीप कुमार। उनके बारे में आने वाले समय में फिल्म इंडस्ट्री के इतिहास में गोल्डन अक्षरों में लिखा जाएगा। RIP साहेब। उनके निधन से दुखी हूं।
काफी लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे दिलीप कुमार
गौरतलब है कि 98 वर्ष के हो चुके दिलीप कुमार कई सालों से सार्वजनिक जिंदगी से दूर थे। उनकी पत्नी शायरा बानो कभी-कभी उनकी तस्वीरें साझा किया करती थीं। बीते काफी समय से दिलीप कुमार अस्वस्थ चल रहे थे। बीते दिनों सांस लेने में तकलीफ की वजह से दिलीप कुमार को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। हिंदी सिनेमा में दिलीप कुमार का पांच दशक लंबा योगदान रहा। इस दौरान दिलीप कुमार ने मुगल-ए-आजम, राम और श्याम, देवदास, सौदागर, क्रांति, अमर और आन जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया। वो दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित थे।