logo

जमीन विवाद में वार्ड सदस्य की बेरहमी से कर दी हत्या, बेटी ने थाने में दर्ज कराई शिकायत, सभी आरोपी फरार

1767news.jpg
द फॉलोअप टीम, गिरिडीह 
बिरनी प्रखंड के सिरमाडीह गांव में सोमवार रात जमीन विवाद में वार्ड सदस्य कुंजिया देवी की लाठी-डंडा से पीटकर और धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतका केशो मंडल की पत्नी थी। घटना के बाद मृतका की पुत्री ने बिरनी थाना में शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। बिरनी थाना प्रभारी पर भी आरोपियों का साथ देने का आरोप लगाया गया है।

वर्षों से है जमीन विवाद
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गांव के धर्म मंडल और केशो मंडल दोनों सगे भाई हैं। दोनों भाइयों के बीच वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। अपनी-अपनी हिस्सेदारी को लेकर कई बार विवाद भी हो चुका है। छह माह पूर्व पंचायत के माध्यम से मामले का निपटारे का भी प्रयास किया गया, लेकिन विवाद दिनों-दिन बढ़ता गया। 

पति और बेटा दिल्ली में मजदूरी करते हैं
मृतका की पुत्री लीलावती देवी ने बताया कि बड़े चाचा धर्म मंडल से मेरे पिता केशो मंडल का जमीन विवाद चल रहा था। मेरे पिता और बड़े भाई दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। पिता और भाई दोनों अभी भी दिल्ली में ही हैं। घर पर मां कुंजिया देवी रहती थी। सोमवार की शाम लगभग साढ़े छह बजे मां को चचेरे भाई रोजगार सेवक रामेश्वर मंडल, रंजीत मंडल, चाची छकनी देवी, भाभी नीलम देवी, दो चचेरी बहन और बहनोई ने गांव के ही प्रीतम मंडल के साथ मिलकर घर के दरवाजे पर ही मेरी मां को रड धारदार हथियार से मारकर घायल कर दिया। हो-हल्ला की आवाज सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हुए तबतक सभी आरोपी फरार हो गए। खून से लथपथ कुंजिया देवी को इलाज के लिए बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसडीपीओ ने मामले की जानकारी ली
घटना की सूचना मिलते ही बगोदर एसडीपीओ बिनोद महतो तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंच कर मामले की जानकारी ली। एसडीपीओ ने कहा कि यह निर्मम हत्या है। किसी भी कीमत पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। थाना प्रभारी पर लगे आरोप की भी जांच की जाएगी।