द फॉलोअप टीम, हाथरस
गैंगरेप पीड़ित का शव जलाने के 3 दिन बाद पुलिस ने मीडिया को पीड़ित के गांव (बुलगढ़ी) में एंट्री दी है। मीडिया से बातचीत में पीड़ित परिवार ने पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। मां ने कहा कि आखिरी बार बेटी का मुंह भी नहीं देखने दिया, हमें तो ये भी पता नहीं कि पुलिस ने किसकी लाश जलाई और हम किसकी हड्डियां लाए हैं। डीएम साहब ने हमें काफी धमकाया। कहा कि तुम्हारी बेटी कोरोना से मर जाती तब क्या करते।
अपर मुख्य सचिव और डीजीपी पहुंचे पीड़िता के घर
इस बीच, उत्तर प्रदेश के दो अफसर, अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी और डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी बुलगढ़ी पहुंचे हैं। दोनों अफसरों ने करीब 20 मिनट तक परिवार से बातचीत की।
'डीएम का नार्को टेस्ट होना चाहिए'
पीड़िता की भाभी ने कहा कि पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए। हमारा नार्को टेस्ट करवाने की बात कही जा रही है, लेकिन नार्को टेस्ट तो डीएम का होना चाहिए। पुलिस ने हमसे मारपीट की। हम तो सच बोल रहे हैं। वहीं, पीड़िता के भाई ने बताया कि बुधवार रात 10 बजे तक पुलिस घर पर रही। इस दौरान किसी को कहीं जाने नहीं दिया। हम यही चाहते हैं कि जांच ठीक से हो।
मीडिया को एंट्री मिली
हाथरस सदर के एसडीएम प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि अभी सिर्फ मीडिया को गांव के अंदर जाने की इजाजत दी गई है। बाकी लोगों की परमिशन के ऑर्डर आते ही सबको बता देंगे। ये आरोप गलत हैं कि पीड़ित परिवार के फोन ले लिए गए हैं और उन्हें घर में कैद कर दिया गया है।
किसने क्या कहा?
पीड़िता के गांव में पुलिस का पहरा है, ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी से बात हुई है। एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बसपा की प्रमुख मायावती ने कहा है कि हाथरस गैंगरेप मामले की जांच सीबीआई या फिर सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए।
एसपी समेत 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड
हाथरस मामले में पुलिस-प्रशासन के रवैये के विरोध में देशभर में हो रहे प्रदर्शनों के बीच योगी सरकार ने पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की है। शुक्रवार को सरकार ने हाथरस के एसपी विक्रांत वीर समेत 5 पुलिस अफसरों को सस्पेंड कर दिया।
डीएम को भी सस्पेंड करने की मांग
गैंगरेप की शिकार हुई लड़की का शव जल्दबाजी में जलाने के बाद से पुलिस-प्रशासन पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। परिवार ने आरोप लगाया था कि डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने दबाव बनाया था और कहा था कि लड़की कोरोना से मर जाती तो क्या मुआवजा मिलता? हालांकि, सरकार ने डीएम के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
क्या है पूरा मामला?
हाथरस जिले के चंदपा इलाके के बुलगढ़ी गांव में 14 सितंबर को 4 लोगों ने 19 साल की युवती से गैंगरेप किया था। आरोपियों ने युवती की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी और उसकी जीभ भी काट दी थी। दिल्ली में इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई। पुलिस ने शव गांव लाकर मंगलवार रात को जला दिया। इस मामले में चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। हालांकि, पुलिस का दावा है कि दुष्कर्म नहीं हुआ था।