logo

धनबाद में भू-धसान से मची दहशत, 3 घरों में दरार; जहरीली गैस का रिसाव

ुदिि4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद के केंदुआडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुंडा स्थित गोधर 6 नंबर एरिया में सोमवार को अचानक भू-धसान की घटना सामने आई। सब स्टेशन के पीछे तेज धमाके के साथ जमीन धंस गई, जिससे वहां बड़ा गोफ बन गया। इस घटना के बाद आसपास के तीन घरों में दरारें पड़ गईं और इलाके में भय का माहौल बन गया। भू-धसान की घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में अपने घरों से जरूरी सामान निकालना शुरू कर दिया और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। लोगों का कहना है कि जमीन धंसने के बाद इलाके में जहरीली गैस का रिसाव भी महसूस किया गया, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।


पुलिस पहुंची, बीसीसीएल ने घोषित किया डेंजर जोन
घटना की जानकारी मिलने के बाद केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं, बीसीसीएल प्रबंधन ने प्रभावित इलाके को डेंजर जोन घोषित कर दिया है। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के काफी देर बाद तक न तो बीसीसीएल के अधिकारी और न ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।


ग्रामीणों ने बीसीसीएल पर लगाए लापरवाही के आरोप
स्थानीय ग्रामीणों ने भू-धसान के लिए बीसीसीएल प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि गोधर इलाके में पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। पीड़ित शिवनंदन पासवान और पार्वती देवी ने प्रशासन से सुरक्षित स्थान पर आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों के मुताबिक इलाके में करीब 250 परिवार रहते हैं, जिनकी जान लगातार खतरे में बनी हुई है।


 

Tags - Dhanbad Jharkhand BCCL Subsidence Accident