द फॉलोअप टीम, मुंबई:
अभिनेता सोनू सूद के 28 ठिकानों पर अब तक छापेमारी हुई है। अभी भी छापेमारी जारी है। मुंबई, लखनऊ, कानपुर, जयपुर, दिल्ली और गुड़गांव में उनके ठिकानों में छापेमारी के बाद 1.8 करोड़ नकद धनराशि अब तक बरामद की गई है। सोनू सूद पर आयकर छापेमारी से उनके फैन में नाराजगी है। इधर सोनू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिये कहा है "सख्त राहों में भी आसान सफर लगता है, हर हिंदुस्तानी की दुआओं का असर लगता है"। उन्होंने इंग्लिश में एक पोस्ट लिख कर शेयर किया है हम आपको यहां हिंदी में बताते हैं।

सोनू ने दिल का दर्द बयां किया
"आपको कहानी में हमेशा अपना पक्ष बताने की जरूरत नहीं है। समय बतायेगा। मैंने भारत के लोगों की सेवा के लिए मेरी पूरी ताकत और दिल से खुद को प्रतिबद्ध किया है। मेरे फाउंडेशन का हर रुपया कीमती जीवन बचाने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहा है ताकि जरूरतमंदों तक पहुंचें। इसके अलावा, कई अवसरों पर, मैंने ब्रांडों को मानवीय कारणों के लिए भी अपना समर्थन शुल्क दान करने के लिए प्रोत्साहित किया है। जो हमें कार्यो को जारी रखने में सहयोग करता है। मैं कुछ मेहमानों में व्यस्त था इसलिए पिछले 4
दिनों से आपकी सेवा में उपस्थित होने में असमर्थ रहा। यहां मैं पूरी विनम्रता के साथ फिर से वापस आ गया हूं। आपकी विनम्र सेवा में, जीवन भर के लिए। मेरा सफर जारी है...सोनू सूद"।
दिल्ली सरकार ने बनाया था ब्रांड एंबेसडर
गौरतलब है कि कोरोना काल में लोगों की मदद कर सुर्खियों में आए सोनू सूद को दिल्ली सरकार ने स्कूली शिक्षा से जुड़ प्रोग्राम का ब्रांड एंबेडसर बनाया था। इस समय ये अटकलें तेज थी कि सोनू सूद आम आदमी पार्टी ज्वॉइन कर सकते हैं। हालांकि, सोनू सूद ने तमाम अटकलों को विराम देते हुए कहा था कि उनकी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से राजनीति को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई। वे अभिनय में खुश हैं और समाज सेवा का कार्य करते हैं।