logo

दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत के फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी को NCB ने किया गिरफ्तार, पूछताछ जारी

9127news.jpg
द फॉलोअप टीम, मुंबई: 

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के फ्लैटमेट और क्रिएटिव मैनेजर सिद्धार्थ पिठानी को गिरफ्तार किया है। सिद्धार्थ पिठानी की गिरफ्तारी सुशांत सिंह राजपूत की पहली पुण्यतिथि से 2 हफ्ते पहले हुई है। बता दें कि अभी 2 महीने पहले ही एनसीबी ने कोर्ट में 12 हजार पेज की चार्जशीट फाइल की थी जिसमें कई नाम हैं। रिया चक्रवर्ती का नाम प्रमुख है। 

एनसीबी की चार्जशीट में 31 लोगों का नाम
जानकारी के मुताबिक एनसीबी द्वारा दाखिल चार्जशीट में दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक चक्रवर्ती सहित कुल 31 लोगों का नाम है। इनमें सुशांत के मैनेजर सैमुअल मिरांडा और हाउस कीपर दीपेश सांवत का भी नाम है। सिद्धार्थ पिठानी की बात की जाए तो बीते एक साल में मुंबई पुलिस और सीबीआई भी उससे पूछताछ कर चुकी है। 

14 जून को हुई थी सुशांत सिंह राजपूत की मौत
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। उनका शव फ्लैट के उनके कमरे में फंदे से लटकता मिला था। आरंभिक जांच में सुशांत सिंह राजपूत के क्लीनिकल डिप्रेशन में होने की बात सामने आई थी। बाद में सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने उनकी कथित गर्लफ्रेंड और बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के खिलाफ पटना में सुशांत सिंह राजपूत के पैसे हड़पने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। बिहार सरकार की अनुशंसा पर सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी। 

सीबीआई कर रही है उस संदिग्ध मौत की जांच
सीबीआई कई बार दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत के घर पहुंची। क्राइम सीन का रीक्रिएशन किया। इधर पैसे हड़पने वाली बात की जांच ईडी कर रही थी। इस जांच के दौरान ही सुशांत सिंह राजपूत द्वारा ड्रग्स लिए जाने की बात सामने आई। बताया गया कि रिया चक्रवर्ती सहित सिद्धार्थ पिठानी, सैमुअल मिरांडा और दीपेश सावंत ये सभी सुशांत के लिए ड्रग्स का इंतजाम किया करते थे। इधर सुशांत के संदिग्ध मौत की जांच चलती रही। उस जांच में भी यही बात सामने आई की सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या ही की थी। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। जांच जारी है।