द फॉलोअप टीम, मुंबई:
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा जारी ड्रग्स केस की जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। बीते शुक्रवार को ये खबर सामने आई थी कि एनसीबी ने मुंबई में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। कम से कम 8 ड्रग्स पैडलर को हिरासत में लिया गया था। अब जो खबर सामने आ रही है वो चौंकाने वाली है। एनसीबी ने ड्रग्स केस में बॉलीवुड अभिनेता अरमान कोहली को हिरासत में लिया है।
अरमान कोहली के आवास पर मारा छापा
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि वे अभिनेता अरमान कोहली के मुंबई स्थित आवास पर छापेमारी कर रहा है। एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े ने कहा कि छापेमारी के बाद अभिनेता अरमान कोहली ने एनसीबी द्वारा पूछे गए सवालों का अस्पष्ट जवाब दिया। आखिरकार उनको एनसीबी कार्यालय में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। एनसीबी ने ये भी कहा कि उनको जल्द ही कोर्ट में भी पेश किया जायेगा।

सुशांत सिंह केस से बढ़ा था जांच का दायरा
गौरतलब है कि बीते वर्ष बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। केस की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। जांच के दौरान इसमें पहले मनी लॉंड्रिंग और बाद में ड्रग्स का मामला सामने आया। खुलासा हुआ कि दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत नियमित तौर पर ड्रग्स का सेवन किया करते थे। तब मामले की जांच एनसीबी को सौंपी गई। मामले में एनसीबी ने सुशांत सिंह राजपूत की महिला मित्र बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शौविक चक्रवर्ती औऱ क्रिएटिव मैनेजर सिद्धार्थ पिठानी को हिरासत में लिया था। रिया चक्रवर्ती को जेल भी जाना पड़ा।

दीपिका-पादुकोण सहित अन अभिनेत्रियों का नाम
एनसीबी ने जैसे-जैसे जांच का दायरा बढ़ाया मामले में कई सितारे लपेटे में आते गए। इसमें सबसे बड़ा नाम बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल का था। एनसीबी का कहना है कि ड्रग्स केस में उनके पास अर्जुन रामपाल के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं। मामले में दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर, रकुलप्रीत सिंह और सारा अली खान का नाम भी सामने आय़ा। एनसीबी ने मामले में इन सभी लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया था। अब भी इसमें कई नाम आ रहे हैं।