logo

अभिनेत्री स्वरा भास्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश का लगा आरोप

9881news.jpg
द फॉलोअप टीम, गाजियाबाद:

गाजियाबाद के मुश्लिम बुजुर्ग की पिटाई का मामला इन दिनों काफी चर्चा में है।  वीडियो ट्वीट करने के मामले की शिकायत में अभिनेत्री स्वरा भास्कर का भी नाम है। पत्रकार आरफा खानम शेरवानी, आसिफ खान और ट्विटर इंडिया के खिलाफ वकील अमित आचार्य ने दिल्ली के तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमे स्वरा भास्कर के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की गयी है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले में ट्विटर इंडिया, एक समाचार पोर्टल और छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।  पुलिस का कहना है कि यह वीडियो सांप्रदायिक तनाव पैदा करने के लिए साझा किया गया था। 

साम्प्रदायिक तनाव पैदा किया गया 
लोनी बॉर्डर पुलिस थाने में एक स्थानीय पुलिसकर्मी ने शिकायत दर्ज कराई और मंगलवार रात करीब 11.30 बजे प्राथमिकी दर्ज की गई। इसमें आरोप लगाया गया है कि यह वीडियो सांप्रदायिक तनाव पैदा करने के लिए साझा किया गया था।   पुलिस ने क्लिप साझा करने को लेकर ट्विटर इंक, ट्विटर कम्युनिकेशन्स इंडिया, समाचार वेबसाइट द वायर, पत्रकारों मोहम्मद जुबैर और राणा अय्यूब, कांग्रेस के नेताओं सलमान निजामी, मशकूर उस्मानी, डॉ. शमा मोहम्मद और लेखिका सबा नकवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। 

ट्विटर के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई
इस मामले में ट्विटर पर आरोप है कि ट्वीटर ने वीडियो को प्रसारित होने से नहीं रोका।  ट्वीटर ने उस वीडियो को प्रचारित किया जिसमें एक मुस्लिम को निशाना बनाया गया। उसकी पिटाई की गई और जबरन उनकी दाढ़ी काटने का आरोप लगा। आमतौर पर ट्विटर भ्रामक खबरों को मैनिपुलेटेड कहता है लेकिन इस मामले में उसने वीडियो को फैलने से नहीं रोका। इस मामले में धार्मिक भावनाएं आहत करने की धारा लगाई है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 153,153A,295A,505,120B और 34 के तहत केस दर्ज किया है। 

गलत भावना से सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश
नामजद आरोपियों पर आरोप है कि उन लोगों ने ट्विटर पर सच्चाई जाने बिना ही  घटना को सांप्रदायिक रंग दिया। समाज में शांति को भंग करने और धार्मिक समूहों में भड़काने के मकसद से वीडियो वायरल किया गया जबकि यह पिटाई पीड़ित और आरोपी के बीच का व्यक्तिगत विवाद था। इसमें हिंदु और मुस्लिम दोनों ही संप्रदाय के लोग शामिल थे, लेकिन आरोपियों ने घटना को इस तरह पेश किया कि दोनों धार्मिक समूहों के बीच तनाव पैदा हो। 

पुलिस ने बताया है व्यक्तिगत विवाद का मामला
मामले में बुजुर्ग का आरोप है कि जय श्रीराम न कहने पर उसकी पिटाई की गई और दाढ़ी काटी गई। जबकि पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग तावीज बनाने का काम करता है।  उसके दिए गए तावीज का आरोपी के परिवार पर उल्टा असर हुआ। इस कारण आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया।  पुलिस के मुताबिक अब्दुल समद और प्रवेश, आदिल, कल्लू वगैरह लड़के एक दूसरे को पहले से ही जानते थे क्योंकि अब्दुल समद के ज़रिए गांव में कई लोगों को तावीज दिए गए थे।

ट्विटर ने नए आइटी नियमों का पालन नहीं किया
ट्विटर पर यह भी आरोप है कि, ट्वीटर ने नए आईटी नियमों का पालन नहीं  किया।  भारत में अब ट्विटर ने कानूनी सुरक्षा का आधार गंवा दिया है। 25 मई को सरकार की ओर से लागू हुए आईटी नियमों को ट्विटर ने अब तक लागू नहीं किया है। जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। यानी ट्विटर पर भी अब आईपीसी के तहत मामले दर्ज हो सकेंगे और पुलिस पूछताछ भी कर सकेगी।