द फॉलोअप टीम, रांची
झारखंड की दो सीटों पर होनेवाले उपचुनाव में बेरमो और दुमका सीट पर दिग्गजों के बीच चुनावी दंगल होना है। बेरमो विधानसभा सीट के लिए महागठबंधन समर्थित कांग्रेस के जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने तेनुघाट के बेरमो अनुमंडल कार्यालय में नामांकन भर दिया है। वहीं भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल ने भी तेनुघाट अनुमंडल कार्यालय में नामांकन कर दिया है।
पिता के अधूरे सपने को पूरा करेंगे: अनूप सिंह
कांग्रेस प्रत्याशी अनूप सिंह ने नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि इस उपचुनाव में हम राजेंद्र बाबू के 30 सालों तक किए गए कामों को मुद्दा बनाएंगे और इसी संदेश के साथ जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि अपने पिता के अधूरे सपने को पूरा करना और उनके द्वारा बनाये गये बंद अस्पतालों को चालू करना मेरी प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि मेरा उद्देश्य राजेंद्र बाबू की इस बगिया और बेरमो के पूरे परिवार को सुरक्षित रखना है। बेरमो उपचुनाव में नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी जयमंगल सिंह सीएम हेमंत सोरेन के चुनाव प्रचार में शामिल हुए। बेरमो के जैनामोड़ में बांधडीह में महागठबंधन की सभा का आयोजन किया गया।
योगेश्वर महतो बाटुल ने किया नामांकन
भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल ने नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हमने चार सेट में निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि बेरमो की जनता का विश्वास पहले भी मिला है और इस उपचुनाव में भी जनता का विश्वास मिलेगा। बाटुल ने कहा कि राज्य सरकार ने नौ महीने के कार्यालय में सिर्फ जनता को ठगने का काम किया है। एनडीए के कार्यकाल में किये गये कामों पर रोक लगा दी और एक भी ईंट राज्य सरकार ने कहीं नहीं जुड़वाया है।
तीन नवंबर को होगा मतदान
बता दें कि बेरमो के विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है। उसी दिन दुमका और बेरमो दोनों सीटों पर हो रहे उपचुनाव के परिणाम घोषित हो जायेंगे। यहां तीन नवंबर को उपचुनाव के लिए मतदान होगा। वहीं मतगणना 10 नवंबर को की जाएगी।