logo

बालिका वधु की 'दादी सा' ने 75 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, कार्डियक अरेस्ट से हुई मौत

10858news.jpg
द फॉलोअप टीम, मुंबई:

सीरियल बालिका वधु में अपनी एक्टिंग से करोड़ों लोगों का दिल जीतने वाली दादी सा अब हमारे बीच नहीं रहीं।  नेशनल अवॉर्ड विनिंग अभिनेत्री सुरेखा सीकरी ने शुक्रवार 16 जुलाई 2021 को सुबह अंतिम सांस ली। सुरेखा सीकरी के मैनेजर विवेक सिधवानी ने मीडिया को बताया, 'तीन बार नैशनल अवॉर्ड जीत चुकीं एक्ट्रेस सुरेखा सीकरी का कार्डिएक अरेस्ट के बाद 75 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्हें पिछले दिनों दूसरी बार ब्रेन स्ट्रोक पड़ा था।' 



एनएसडी से की थी एक्टिंग की पढ़ाई 
सुरेखा सिकरी का जन्म 19 अप्रैल 1945 को दिल्ली में हुआ था। बचपन उन्होंने अल्मोड़ा और नैनीताल में गुजारा। उनके पिता एयरफोर्स में थे और मां टीचर थी। हेमंत रेगे से  शादी हुई थी। उनका एक बेटा भी है जिसका नाम राहुल सीकरी है। उन्होंने नैशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से ऐक्टिंग में ग्रैजुएशन किया था। उन्हें 3 बार नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया था।  1989 में उन्हें संगीत नाटक अकैडमी अवॉर्ड भी मिला था। सुरेखा सीकरी ने बहुत सी फिल्मों और नाटकों में काम किया है लेकिन बड़ी पहचान उन्हें 'बालिका वधू' से मिली।  इस सीरियल में उनके कड़क स्वाभाव को लोगों ने काफी पसंद किया था। 



इन फिल्मों और सीरियल में किया काम 
सुरेखा सिकरी ने 50 साल लंबे करियर में किस्सा कुर्सी का, तमस, सलीम लंगड़े पे मत रो, मम्मो, नसीम, सरदारी बेगम, सरफरोश, दिल्लगी, हरी भरी, जुबैदा, काली सलवार, रघु रोमियो, रेनकोट, तुमसा नहीं देखा, हमको दीवाना कर गए, बधाई हो, शीर कोरमा और घोस्ट स्टोरीज मूवी में का किया। इसके अलावा सीरियल बालिका वधू, एक था राजा एक थी रानी, परदेस में है मेरा दिल, सात फेरे, बनेगी अपनी बात, कसर, कहना है कुछ मुझको, जस्ट मोहब्बत जैसे कई मशहूर सीरियलों में भी काम किया था।