द फॉलोअप टीम, मुंबई:
क्रूज शिप ड्रग्स पार्टी केस मामले में बॉलीवुड अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान, अरबाज सेठ मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को एनसीबी की हिरासत में भेज दिया गया है। मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट ने तीनों को 7 अक्टूबर तक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हिरासत में भेज दिया है। एनसीबी के अधिकारी तीनों से पूछताछ कर और जानकारी जुटाएगी।

श्रेयस नायर नाम का व्यक्ति गिरफ्तार
गौरतलब है कि क्रूज शिप पार्टी केस में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने पांच अन्य आरोपियों की 9 दिन की हिरासत मांगी है ताकि पता लगाया जा सके कि मामले में कहां-कहां तक लोग संलिप्त हैं। अब एनसीबी ने गोरेगांव से श्रेयस नायर नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। एनसीबी का दावा है कि आर्यन खान नियमित रूप से श्रेयस के संपर्क में थे। श्रेयस एक ड्रग पेडलर है जो नियमित रूप से आर्यन खान और अरबाज मर्चेंट को ड्रग्स की सप्लाई किया करता था।

3 दिन की न्यायिक हिरासत में आर्यन
आपको बता दें कि 2 अक्टूबर को एनसीबी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मुंबई में मौजूद एक क्रूज शिप पर छापा मारा था। एनसीबी के अधिकारी क्रूज में बतौर यात्री गये थे। जैसे ही क्रूज समुद्र के बीच पहुंचा, अधिकारियों ने छापा मारा। एनसीबी का कहना है कि उनको वहां एमडीएमए और चरस जैसे ड्रग्स मिले हैं। वहीं पुलिस ने आर्यन खान सहित कुल 8 लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें से 3 लोगों को यानी आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आर्यन खान की बीती रात एनसीबी दफ्तर के लॉकअप में बीती।
