डेस्क:
यूपीएससी-2021 का अंतिम परिणाम आया और यूपी के बुलंदशहर में एक परिवार जश्न में डूब गया। ये परिवार उत्तम भारद्वाज का था। उत्तम ने कहा कि उनका यूपीएससी में 121वां रैंक आया है। वे आईएएस बनने वाले हैं। परिवार, मोहल्ला, रिश्तेदार और दोस्त जश्न मना ही रहे थे कि अचानक उत्तम को हार्ट अटैक आ गया। उनको हॉस्पिटल में भर्ती करवाना पड़ा। जानते हैं क्यों! दरअसल, उत्तम को एक ऐसे सच का पता चला जिसे वे बर्दाश्त नहीं कर पाये। उस सच से ऐसी हूक उठी कि उत्तम संभल नहीं पाये। पर वो सच क्या था। यूपीएससी पास करने के जश्न में डूबे उत्तम को हॉस्पिटल क्यों जाना पड़ा। । दरअसल, उत्तम ने यूपीएससी की परीक्षा पास की ही नहीं थी, लेकिन रिजल्ट में लिखा तो था कि उत्तम भारद्वाज रैंक-121। पूरा मामला यहां समझते हैं।

मामला यूपी के बुलंदशहर का है
मामला यूपी के बुलंदशहर का है। यहां के रहने वाले उत्तम भारद्वाज ने दावा किया कि यूपीएससी में उनका 121वां रैंक आया है। उत्तम ने परिवार वालों को ये सूचना दी। परिवार बेटे के अधिकारी बनने की खुशी में पागल हो उठा। पूरे मोहल्ले में ये खबर आम कर दी। रिश्तेदारों को भी फोन करके बता दिया कि उत्तम आईएएस बन गया है। फौरन, इलाके की सबसे महंगी मिठाई की दुकान से सबसे उम्दा मिठाई मंगवाई गई और मोहल्ले में बांट दिया। बेटे उत्तम को मिठाई खिलाते हुए तस्वीर खिंचवाकर परिवार वालों ने मीडिया वालों की दी। उत्तम ने तो मीडिया में इंटरव्यू दिया औऱ बताया कि उनको ये सफलता कैसे मिली।
यूपीएससी का परिणाम आने पर जिस परिवार के पैर जमीन पर नहीं टिक रहे थे, उनको महज 24 घंटे बाद ऐसा झटका लगा कि पैरों तले जमीन ही खिसक गई। पता चला, उत्तम ने यूपीएससी की परीक्षा पास की ही नहीं। ये सारी खुशियां, सारा तामझाम और यूपीएससी का परिणाम, सबकुछ महज एक गलतफहमी थी।

सफल उत्तम भारद्वाज एक महिला है
दरअसल, यूपीएससी की परीक्षा में जिस उत्तम भारद्वाज ने 121वां रैंक हासिल किया वो एक लड़की है। हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली उत्तम भारद्वाज ने यूपीएससी-2021 की परीक्षा में 121वां रैंक हासिल किया। जब परिणाम जारी हुआ तो बुलंदशहर के उत्तम भारद्वाज ने केवल नाम और रैंक देखकर ही सबको बता दिया कि वो आईएएस बन गया है। परिवार ने भी बेटे की बात पर यकीन किया और मिठाइयां बांट दी। जश्न मना दिया लेकिन अब सच्चाई जानने के बाद उनकी हालत काटो तो खून नहीं वाली हो गई है। उत्तम ने इस बीच लिखित में माफी मांगी है और कहा है कि ये सब गलतफहमी का नतीजा है।
उत्तम भारद्वाज को हार्ट अटैक आया
जब उत्तम ने परिणाम क्रॉस चेक किया और उनको सच्चाई का पता चला तो इसे बर्दाश्त नहीं कर पाये। एक तो यूपीएससी जैसी परीक्षा में असफलता का दर्द और तिसपर गलतफहमी की वजह से हुई जगहंसाई। उत्तम भारद्वाज को हार्ट अटैक आ गया। उत्तम फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। उत्तम अब खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि इस साल वे और कड़ी मेहनत करेंगे और सपने को सच कर दिखाएंगे।
अगला परिणाम गलतफहमी वाला नहीं होगा बल्कि वे अधिकारी जरूर बनेंगे। जो भी हो लेकिन इतनी कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा में शामिल होने वाले युवाओं से धैर्य और सतर्कता की उम्मीद तो की ही जाती है।