Bihar Weather: बिहार में मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य में पछुआ हवाओं का असर बढ़ने से सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच लोगों को दिन और रात के तापमान में अंतर महसूस हो रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज राज्य के ज्यादातर जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ इलाकों में आसमान पर बादल छा सकते हैं।

इन जिलों में बारिश के आसार
राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना कम है, लेकिन बांका, जमुई, भागलपुर, खगड़िया और मुंगेर में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। गुरुवार को भी बिहार के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान राजधानी पटना समेत कुछ इलाकों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। कैमूर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पटना में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे साफ है कि सुबह-शाम राहत के बावजूद दोपहर में गर्मी का असर बना हुआ है।

19 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों के दौरान बिहार के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 17 अक्टूबर को उत्तर बिहार के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन राज्यभर में व्यापक बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। वहीं, 18 अक्टूबर को किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 19 अक्टूबर को भी मौसम सामान्य और आसमान साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान दोपहर में धूप तेज रह सकती है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड का एहसास होगा। ऐसे में बिहार में फिलहाल मौसम का मिला-जुला मिजाज जारी रहने की संभावना है।