logo

सदर अस्पताल पहुंचे राज्यपाल संतोष गंगवार, OPD में कराया दांतों का इलाज

सदर अस्पताल पहुंचे राज्यपाल संतोष गंगवार, OPD में कराया दांतों का इलाज

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के सदर अस्पताल में गुरुवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार दांतों का उपचार कराने पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की डेंटल ओपीडी में वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. रवि राज से परामर्श लिया और अपना इलाज कराया। जानकारी के अनुसार, राज्यपाल ने एक दिन पहले ही चिकित्सक से अपॉइंटमेंट लिया था। वह दोपहर करीब 1:35 बजे अस्पताल पहुंचे और लगभग 45 मिनट तक वहां रहे।


इम्प्लांट सपोर्टेड ब्रिज लगाने की तैयारी
वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. रवि राज ने बताया कि राज्यपाल को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्हें आगे इम्प्लांट सपोर्टेड ब्रिज लगाया जाना है। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए राज्यपाल को दोबारा सदर अस्पताल आना पड़ सकता है। गौरतलब है कि राज्यपाल इससे पहले भी सदर अस्पताल के ऑर्थोपेडिक्स विशेषज्ञ डॉ. मुजम्मिल से चिकित्सकीय परामर्श ले चुके हैं। इसके अलावा, राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी हाल ही में यहां इलाज कराने पहुंचे थे। स्वास्थ्य विभाग के पूर्व अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने सदर अस्पताल में फिजियोथेरेपी कराई थी, जबकि आईएएस अधिकारी अबु इमरान ने भी अपना और अपने परिवार का उपचार इसी अस्पताल में कराया है।

 


वरिष्ठ अधिकारियों के इलाज से अस्पताल का बढ़ा भरोसा
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह ने कहा कि अस्पताल में आम नागरिकों के साथ राज्यपाल और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का इलाज कराना संस्थान के लिए गर्व की बात है। उनके अनुसार, इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत होता है और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में हो रहे सुधारों को भी प्रोत्साहन मिलता है। सदर अस्पताल में वरिष्ठ पदों पर कार्यरत लोगों के उपचार के लिए पहुंचने को सरकारी चिकित्सा सुविधाओं के प्रति विश्वास के रूप में भी देखा जा रहा है।

Tags - Santosh Kumar Gangwar Ranchi Sadar Hospital Jharkhand Health News Dental Treatment Healthcare Services