डेस्क :
उत्तर प्रदेश में कानपुर ज़िले के बेकनगंज इलाक़े में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद भड़की हिंसा में अबतक 18 लोग गिरफ़्तार किये जा चुके हैं। कल शुक्रवार को दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी,जिससे इलाके में तनाव का माहौल है। प्रशासन का कहना है कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों पर गैंगस्टर और एनएसए एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। बीबीसी से बात करते हुए कानपुर के कमिश्नर विजय मीणा ने बताया कि अब तक हमने 18 लोगों की गिरफ्तारी की है और कई लोगों की पहचान की गई है और यह प्रक्रिया अभी भी जारी है। इन लोगों पर गैंगस्टर एक्ट और एनएसए एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों ने भी माहौल खराब करने का काम किया है उनकी संपत्ति ज़ब्त की जाएगी और कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेंगे।

हिंसाग्रस्त इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात
हालत को देखते हुए हिंसाग्रस्त इलाकों में भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। समाचार एजेंसी एनएनआई से बात करते हुए कानपुर के कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने कहा कि हमने सुरक्षाकर्मियों को संक्षिप्त में समझाया कि सब सतर्क और सजग रहकर ड्यूटी करें। हम लोग रूट पर मार्च पेट्रोलिंग भी कर रहे हैं ताकि आम जनता में विश्वास बने। यहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। कोई भी समस्या नहीं है और हालात काबू में हैं।

पुलिस आयुक्त ने शांति बनाए रखने की अपील की
कानपुर कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीना ने भी लोगो से अमन-चैन बनाए रखने की अपील की है। डीजीपी ने पुलिस कमिश्नर को कॉल कर घटनास्थल की अपडेट ली है। इसके साथ ही उन्होंने कल राष्ट्रपति के गेस्ट हाउस से घटनास्थल की दूरी पूछी थी ।इस हिंसा की खास बात ये है कि हिंसा के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर में मौजूद थे।
अभी स्थिति सामान्य है, सभी जगह पर सुरक्षाबल तैनात हैं। 3 FIR दर्ज़ हैं जिसमें 36 लोगों की पहचान हो चुकी है अभी भी हमारे पास बरामद फोटोज से अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है: कानपुर हिंसा मामले पर पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीणा,कानपुर,यूपी pic.twitter.com/8im0nPL3ng
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 4, 2022