गंगटोक
सिक्किम में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बड़ी प्राकृतिक आपदा सामने आई है। नामची जिले के मामरिंग क्षेत्र में निर्माणाधीन समरदुंग सुरंग में हुए भूस्खलन के बाद बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुरंग के भीतर मीथेन गैस ब्लास्ट के बाद हुए भूस्खलन में कुल 27 मजदूर फंस गए। इनमें से अब तक 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि शेष मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
सुरंग का प्रवेश द्वार भूस्खलन से बंद
जानकारी के मुताबिक, नामची जिले के मामरिंग में समरदुंग सुरंग का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक भूस्खलन होने से सुरंग का प्रवेश द्वार मलबे से पूरी तरह बंद हो गया, जिससे अंदर काम कर रहे मजदूर फंस गए। हादसे के बाद निकाले गए सातों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। 
पहले 17, बाद में 27 मजदूरों के फंसे होने की पुष्टि
शुरुआत में प्रशासन को सूचना मिली थी कि सुरंग में 17 मजदूर फंसे हैं। हालांकि, बाद में की गई जांच और श्रमिकों की उपस्थिति का मिलान करने पर पता चला कि कुल 27 मजदूर अंदर मौजूद थे। फिलहाल 20 मजदूर अब भी सुरंग में फंसे हुए हैं और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।