डेस्क :
भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा का बयान राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खूब सुर्खिया बटोर रहा हैं।अब मामला UN के अंतरराष्ट्रीय पटल पर भी पहुंच गया है। UN ने पाकिस्तान के पत्रकार द्वारा पूछे गए सवाल पर बयान जारी करके कहा कि UN सभी धर्मो के सम्मान को प्रोत्साहित करता हैं।महासचिव अंटोनिओ गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक की ओर से सोमवार को बयान जारी किया गया है।

प्रवक्ता ने मीडिया के समक्ष जारी किया बयान
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मैंने इससे संबंधित खबरें देखी हैं। मैंने टिप्पणियां भी देखी हैं, मैं आपको बता सकता हूं कि हम सभी धर्मों के प्रति सम्मान और सहिष्णुता के भाव को दृढ़ता से प्रोत्साहित करते हैं।

मुस्लिम देशों ने भारत के राजनयिकों को किया तलब
UN के जारी बयान से पूर्व कतर, ईरान और कुवैत ने पैगंबर मोहम्मद के बारे में भाजपा नेता की विवादित टिप्पणियों को लेकर रविवार को भारतीय राजदूतों को तलब किया था। खाड़ी क्षेत्र के महत्वपूर्ण देशों ने इन टिप्पणियों की निंदा करते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी। टिप्पणियों को लेकर मुस्लिम समुदाय के विरोध के बीच भाजपा ने एक तरह से दोनों नेताओं के बयानों से किनारा करते हुए कहा था कि वह सभी धर्मों का सम्मान करती है और उसे किसी भी धर्म के पूजनीय लोगों का अपमान स्वीकार्य नहीं है। वही दूसरी ओर विवादों को बढ़ता देख भाजपा ने नूपुर शर्मा के साथ नवीन जिंदल की प्राथमिक सदस्यता रविवार को रद्द कर दी थी ।