logo

दिल्ली  : नुपूर शर्मा को मिली सुरक्षा, परिवार को दी जा रही थी धमकियां

नुपूर शर्मा को मिली सुरक्षा, परिवार को दी जा रही थी धमकियां

डेस्क :
पैगम्बर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी के बाद निलंबित बीजेपी प्रवक्ता नूपुर शर्मा को जान से मारने की धमकी मिल रही है। नूपुर ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी ,जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने नूपुर शर्मा को सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया है। अब नूपुर और उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा दी जाएगी। नूपुर शर्मा ने बीते सप्ताह एक टीवी कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर पैगम्बर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की थी। जिसके बाद बीजेपी ने उनकी पार्टी से प्राथमिक सदस्यता को रद्द कर दिया था।

दिल्ली पुलिस ने दर्ज़ किया मामला 
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि शर्मा ने आरोप लगाया था कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं और उनकी टिप्पणियों को लेकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। जिसके बाद उन्हें एवं उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई गई है।पुलिस के मुताबिक, शर्मा ने 28 मई को साइबर सेल इकाई में विभिन्न व्यक्तियों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के संबंध में एक शिकायत दर्ज कराई थी।  शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 506 (आपराधिक धमकी), 507 (गुमनाम संचार द्वारा आपराधिक धमकी) और 509 (शब्द, हावभाव या कार्य, जिसका उद्देश्य किसी महिला की गरिमा का अपमान करना है) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

शिकायत की जांच के बाद जोड़ी गई IPC की एक और धारा 
नूपुर शर्मा की प्राथमिकी की जांच के दौरान शर्मा ने शत्रुता को बढ़ावा देने के संबंध में कुछ व्यक्तियों के खिलाफ एक और शिकायत दर्ज कराई।  शिकायत की जांच के बाद इस मामले में आईपीसी की धारा 153 ए को जोड़ा गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि  ट्विटर इंक को नोटिस भेजे गए हैं और उसके जवाब का इंतजार है। वहीं महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने कहा है कि मुंबई में नूपुर शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज है।  पुलिस जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।