logo

दिल्ली : नुपूर शर्मा को बीजेपी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से किया निलंबित, क्या है पूरा मामला! 

नुपूर शर्मा को बीजेपी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से किया निलंबित, क्या है पूरा मामला! 

डेस्क: 

भारतीय जनता पार्टी ने अपने 2 प्रवक्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। बीजेपी ने नुपूर शर्मा और नवीन जिंदल को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। कहा जा रहा है कि पैगंबर मुहम्मद पर की गई टिप्पणी की वजह से नुपूर शर्मा के खिलाफ ये कार्रवाई की गई। इससे पहले नुपूर शर्मा के विवादित ट्वीट से किनारा करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने कहा था कि वो सभी धर्मों का सम्मान करती है। कहा जा रहा है कि नुपूर शर्मा को 6 साल के लिए निलंबित किया गया है। 

 

बीजेपी ने बयान से किया किनारा
नुपूर शर्मा के विवादास्पद बयान पर बीजेपी के महासचिव अरुण सिंह ने कहा था कि उनकी पार्टी ऐसे किसी भी विचार को स्वीकार नहीं करती जो किसी भी धर्म या संप्रदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाये। उन्होंने कहा कि बीजेपी ना तो ऐसे किसी विचार को मानती है औऱ ना ही उसे प्रोत्साहन देती है। गौरतलब है कि नुपूर शर्मा द्वारा पैगंबर मुहम्मद पर की गई टिप्पणी की वजह से मुस्लिम समुदाय नाराज है।

अरुण सिंह ने कहा कि भारत की हजारों वर्षों के इतिहास में हर धर्म पुष्पित-पल्लवित हुआ है। बीजेपी सर्वधर्म समभाव में यकीन करती है। सभी धर्मों का सम्मान करती है। 

नवीन जिंदल को भी किया निलंबित
बीजेपी ने नवीन जिंदल को भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। गौरतलब है कि नुपूर शर्मा ने एक टीवी शो में जारी डिबेट के दौरान कथित तौर पर मुस्लिम मान्यताओं का जिक्र करते हुए पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। कहा जाता है कि इस टिप्पणी के बाद कानपुर में हिंसा भड़की। मुस्लिम समुदाय नुपूर शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा था।