logo

Rajasthan Election : पराजय स्वीकार करते हुए अशोक गहलोत ने BJP को दी ये सलाह 

पराजय स्वीकार करते हुए अशोक गहलोत ने BJP को दी ये सलाह 

द फॉलोअप डेस्क 

राजस्थान में अशोक गहलोत वाली कांग्रेस की सरकार को बीजेपी ने हरा दिया है। पार्टी की ओर से सीएम अशोक गहलोत ने इस पराजय को स्वीकार कर लिया है। वहीं, गहलोत ने बीजेपी को जीत की बधाई देते हुए उसे सलाह भी दी है। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा है, मेरी उनको सलाह है कि हम काम करने के बावजूद कामयाब नहीं हुए। इसका मतलब ये नहीं कि वो सरकार में आने के बाद काम ही ना करें। OPS, चिरंजीवी सहित तमाम योजनाएं एवं जो विकास की रफ्तार इन पांच सालों में राजस्थान को हमने दी है, वो इसे आगे बढ़ाएं। 

 


कहा, ये अप्रत्याशित परिणाम है 
गहलोत ने आगे कहा है कि राजस्थान की जनता द्वारा दिए गए जनादेश को वे विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं। यह सभी के लिए एक अप्रत्याशित परिणाम है। यह हार दिखाती है कि कांग्रेस अपनी योजनाओं, कानूनों और नवाचारों को जनता तक पहुंचाने में पूरी तरह कामयाब नहीं रही। मैं नई सरकार को शुभकामनाएं देता हूं। गहलोत ने आगे कहा, मैं सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने इस चुनाव में पूरी मेहनत की। कहा, सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने हम पर यानी कांग्रेस पर विश्वास किया।

वसुंधरा ने पीएम मोदी को दिया जीत का श्रेय 

इधर, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता वसुंधरा राजे ने कहा राजस्थान की यह जो शानदार जीत है, इसका पीएम मोदी को जाता है। पीएम मोदी का मंत्र है, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास,   और सबका प्रयास। यह इसी मंत्र की जीत है। उनकी दी हुई गारंटी की जीत है, यह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति की जीत है। यह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कुशल नेतृत्व की जीत है। उन्होंने आगे कहा, यह जीत जनता की है जिसने कांग्रेस को नकारते हुए भाजपा को अपनाने का काम किया है। बता दें कि राजे को राजस्थान में सीएम पद का सबसे मजबूत चेहरा माना जा रहा है।