रांची
झारखंड के हर गांव तक बेहतर शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यूथ कांग्रेस ने “हर गांव स्मार्ट स्कूल” मुहिम की औपचारिक शुरुआत की है. यूथ कांग्रेस ने यह कार्यक्रम प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए भी शुरू किया है. इसकी पहली कड़ी के रूप में एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देना तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. हस्ताक्षर अभियान को युद्ध स्तर पर पूरे राज्य के हर गांव और पंचायत तक पहुंचाया जाएगा, जिससे आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित हो सके. इस अभियान के माध्यम से सरकार का ध्यान ग्रामीण शिक्षा की मौजूदा स्थिति की ओर आकर्षित किया जाएगा और आवश्यक सुधारों की मांग की जाएगी.
इस अवसर पर रांची महानगर युवा कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि, “हर बच्चे को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना उसका अधिकार है. ‘हर गांव स्मार्ट स्कूल’ मुहिम के जरिए हम इस अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए संकल्पित हैं. जनता के सहयोग से यह अभियान एक जनआंदोलन का रूप लेगा. उन्होंने सभी नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं युवाओं से अपील की है कि वे इस हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और झारखंड के भविष्य को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें. इस वार्ता में मुख्य रूप से युवा कांग्रेस के रांची जिला अध्यक्ष गौरव सिंह, महासचिव शादाब खान, करण, दीपक साव, अब्दुल रहमान, मनोज कुमार, सौरव सिंह, मनोज, आदित्य कुमार, मो. आमिर आदि पदाधिकारीगण उपस्थित थे.
