जमशेदपुर:
जमशेदपुर के डिमना लेक में नहाने पहुंचे युवक की वज्रपात की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई. घटना, बुधवार देर शाम की है जब युवक लेक के पास पेड़ के नीचे चबूतरे पर सुस्ता रहा था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया. समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी. बताया जाता है कि मेघगर्जन के साथ तेज बारिश के बीच पेड़ की शरण लेना खतरनाक साबित हुआ.
नहाने के लिए डैम में आया था युवक
मिली जानकारी के मुताबिक युवक नहाने के लिए डैम में आया था. इसी बीच मेघगर्जन के साथ तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए युवक पेड़ की छांव में चबूतरे पर बैठ गया, तभी वज्रपात हुआ और वह इसकी चपेट में आ गया. घटनास्थल से युवक का कपड़ा और साबुन मिला है.
घटना की सूचना मिलते ही नजदीकी बोड़ाम थाना की पुलिस पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया. पुलिस युवक की शिनाख्त करने की कोशिश में जुटी है.