logo

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, रांची-रामगढ़ समेत इन जिलों में हुई बारिश; 22 तक ऐसा ही रहेगा वेदर

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, रांची-रामगढ़ समेत इन जिलों में हुई बारिश; 22 तक ऐसा ही रहेगा वेदर

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी रांची, रामगढ़, बोकारो और जामताड़ा में गुरुवार सुबह-सुबह बारिश हुई। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार को दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहे। आगामी 22 फरवरी तक राज्य के कई हिस्सों में ऐसे ही मौसम का पूर्वानुमान है। वहीं, गुरुवार को रांची, बोकारो, रामगढ़ और पलामू आदि इलाके में बादल गरज सकते हैं और हल्के व मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे राज्य में एक साथ बारिश नहीं होगी। बल्कि अलग-अलग जिलों में अलग-अलग समय में बारिश हो सकती है। वहीं, रांची में 21 फरवरी को सुबह में धुंध और दिन में आकाश में बादल छाए रहेंगे। 20 और 22 फरवरी को कई जिलों में वज्रपात, मेघगर्जन, तेज हवा के झोंके के साथ ओलावृष्टि की प्रबल संभवना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


मौसम केंद्र, रांची ने अपने ताजा मौसम पूर्वानुमान में 20 फरवरी को राज्य के दक्षिणी मध्य भागों में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में 20 और 21 फरवरी की सुबह 8.30 बजे तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उसमें सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, खूंटी, रांची, रामगढ़ और बोकारो जिला शामिल है। मौसम केंद्र, रांची के अनुसार इस दौरान राज्य के दक्षिणी पूर्वी एवं निकटवर्ती जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चलने की संभावना बन सकती है। जबकि राज्य के कुछ अन्य जगहों पर गर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश भी हो सकती है।


मौसम केंद्र, रांची के अनुसार 20 फरवरी को रांची में भी गर्जन और ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान रांची का तापमान 16℃ से 28℃ के बीच रहने की संभावना है। वहीं, 22 फरवरी को सिमडेगा, लोहरदगा, खूंटी, रांची, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और दुमका में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।