logo

कांके के चौकीदारों को नहीं मिला सात माह से वेतन, परिवार चलाने के लाले

4561.jpg

रांची
कांके प्रखंड के चौकीदारों को पिछले सात महीने से वेतन का भुगतान नहीं हो पाया है। वेतन भुगतान नहीं हो पाने की वजह से इन चौकीदारों के लिए परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। पिछले दिनों नव नियुक्त चौकीदारों ने उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मिल कर अपनी समस्या रखी थी। चौकीदारों के आग्रह पर डीसी ने प्रखंड के अंचलाधिकारी को तत्काल दो महीने का वेतन भुगतान कराने का निर्देश भी दिया। इसके बाद चौकीदारों को अटेंडेंस सीट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। चौकीदारों ने अटेंडेंस सीट उपलब्ध करा दिया। उसके बाद अब उनसे सर्विस बुक की मांग की जा रही है। अब दिलचस्प पहलू यह है कि सितंबर 2025 में नव नियुक्त 20 चौकीदारों का अब तक सर्विस बुक खुला ही नहीं है। परिणाम यह है कि इन चौकीदारों का वेतन भुगतान नहीं हो पा रहा है और ये एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय भटक रहे हैं।


जानकारों का कहना है कि अन्य प्रखंड और जिलों में लगभग यही स्थिति है। पिछले साल विभिन्न जिलों में नियुक्त हुए चौकीदारों के वेतन भुगतान में कई तरह की अड़चने पेश की जा रही है। हालांकि इसके पीछे मुख्य कारण ट्रेजरी घोटाला बताया जा रहा है। ट्रेजरी घोटाले में अनियमित और फर्जी ढंग से वेतन मद की राशि की निकासी की गयी है। इसके बाद वित्त विभाग ने वेतन भुगतान से पहले हर तरह के दस्तावेजों की जांच कर लेने का निर्देश दिया है। इसी चक्कर में चौकीदारों के वेतन भुगतान का मामला फंस रहा है। वैसे इसे दूर करने की जिम्मेदारी संबंधित प्रखंड और जिला प्रशासन की ही है। लेकिन उसके लिए यह प्राथमिकता में है ही नहीं।

Tags - Ranchi Kanke watchman seven months no salary