द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में उच्च शिक्षा के लिए शुरू की गयी गुरुजी स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से छात्र व उनके अभिभावक परेशान हैं। उनकी परेशानी का शबब यह है कि बैंक उन्हें ब्याज सब्सिडी का लाभ नहीं दे रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में लगभग 1700 छात्रों ने उच्च शिक्षा के लिए लोन लेने का आवेदन दिया था। इनमें विभिन्न बैंकों द्वारा लगभग 1200 छात्रों के लोन स्वीकृत किए गए। लोन लेनेवाले छात्र और उनके वैसे अभिभावक जो भविष्य में ब्याज का बोझ नहीं बढ़े, अभी से अपना ईएमआई पे करते जा रहे हैं। लेकिन ऐसा करनेवाले किसी भी छात्र को अब तक ब्याज सब्सिडी के रूप में एक रुपए का भी लाभ नहीं मिला है। बैंक उनके इएमआई में ब्याज की पूरी राशि(अलग अलग बैंकों के जो दर निर्धारित हैं) काट ले रहा है। इससे छात्र और उनके अभिभावक, दोनों परेशान हैं। हालांकि बैंक को राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त ब्याज की राशि का भुगतान किए जाने के बाद छात्रों से ली गयी अतिरिक्त राशि का एडजस्टमेंट हो जाएगा। आंकड़े के अनुसार वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक लगभग 2500 छात्रों ने इस योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन दिया है, जिसे बैंकों को प्रोसेस के लिए भेज दिया गया है।

यहां मालूम हो कि गुरुजी स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत राज्य सरकार चार फीसदी ब्याज पर 15 सालों के लिए ऋण उपलब्ध करा रही है। इसके लिए उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने नौ बैंकों के साथ एमओयू किया है। समय पर ऋण चुकता करनेवाले छात्रों को मात्र चार फीसदी ब्याज देना है। लेकिन चार फीसदी से अधिक, बैंकों के जो ब्याज हैं, उसके रिंबर्समेंट के लिए अब तक किसी भी बैंक ने विभाग के पास क्लेम नहीं किया है। आज केवल झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक ने अपना क्लेम भेजा है। विभाग का कहना है कि जब तक बैंक अतिरिक्त ब्याज की राशि का क्लेम नहीं करता, उसे विभाग द्वारा कैसे भुगतान किया जा सकता है। हालांकि आज ही विभागीय सचिवों ने इसके लिए बैंकों के साथ बैठक बुलायी है। बैंकों को समय से क्लेम करने का निर्देश दिया है।

नौ बैंक जिससे छात्र ले रहे हैं गुरुजी स्टुडेंट कार्ड योजना के तहत ऋण
राज्य सरकार ने गुरुजी स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत छात्रों को 15 लाख रुपए तक ऋण उपलब्ध कराने के लिए नौ बैंकों के साथ एमओयू किया है। उनमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी, एक्सिस, आईसीआईसीआई, कैनरा, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक एवं धनबाद सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक शामिल है।

क्या है गुरुजी स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड योजना
उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक राशि नहीं जुटा पानेवाले गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार के छात्रों के लिए राज्य सरकार ने गुरुजी स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड योजना शुरु की है। इस योजना के तहत इंजीनियरिंग, मेडिकल, एमबीए व कई अन्य तरह की उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के लिए छात्र चार फीसदी ब्याज पर 15 लाख रुपए तक ऋण ले सकते हैं। 10 और 12 वीं की पढ़ाई खत्म करने वाले विद्यार्थी भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं। लोन लेनेवाले छात्रों को बैंक के पास किसी तरह की गिरबी नहीं रखनी है। राज्य सरकार ही छात्रों का गारंटर बना है।
