जामताड़ा
जामताड़ा में साइबर ठगी के नए गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने इस मामले में नारायणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत विष्टोपुर के रहने वाले 29 साल के कालू दां, 41 साल के अबोध मंडल और 27 साल के दयाल दां को गिरफ्तार किया है. इन शातिरों ने साइबर ठगी का नया तरीका ईजाद किया था. आरोपी गूगल पर टाटा कार्ड सर्च करके फर्जी लॉगिन पेज बनाते थे. इसके माध्यम से 10 अंकों का रैंडम नंबर डालकर वैध क्रेडिट कार्ड नंबर हासिल करते थे. इसके बाद ई-वॉलेट के जरिये लोगों के खाते में सेंध लगाते थे. ठगी का नेटवर्क पूरे भारत में फैला था. एसपी को इस गिरोह के बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई हुई.

जंगल में बैठकर साइबर ठगी
एसपी को जानकारी मिली थी कि नारायणपुर के विष्टोपुर गांव स्थित मोचीटोली के जंगल में कुछ अपराधी साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं. एसपी ने पुलिस निरीक्षक प्रकाश सेठ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया. टीम में शामिल पुलिस निरीक्षक वैभव सिंह, सहायक अवर निरीक्षक ईश्वर मरांडी और समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने इलाके की घेराबंदी की और 3 आरोपियों को धर-दबोचा. इस मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 21/26 (दिनांक 09.04.2026) दर्ज की गई है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 और आईटी एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इनके अन्य साथियों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है.
