नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तालडीह गणपुरा गांव में नदी किनारे मिली अज्ञात महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी निधि द्विवेदी ने आज अपने कार्यालय में पत्रकारों को इस मामले की जानकारी दी। 6 सितंबर को स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने तालडीह गणपुरा गांव के पास नदी किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया था। शव के सिर और शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया यह अनुमान लगाया गया कि महिला की हत्या कर शव को छुपाने की नीयत से यहां फेंका गया था।
पाकुड़िया थाना प्रभारी के आवेदन पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस की एसआईटी टीम ने जांच के दौरान मृतका की पहचान मुन्नी हेम्ब्रम के रूप में की। शव की पहचान मृतका के पति ने की और उसने अंतिम संस्कार भी किया। जांच में यह भी पता चला कि मृतका के साथ आखिरी बार रतन मडैया, जो तालडीह गणपुरा गांव का निवासी है, देखा गया था। इस आधार पर पुलिस ने रतन मडैया को 11 सितंबर को लखिजोल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी रतन मडैया ने कबूल किया कि उसका मृतका से प्रेम संबंध था और दोनों ने शादी कर ली थी। आरोपी ने बताया कि दिल्ली में साथ रहने के दौरान उसे अपनी पत्नी पर अवैध संबंध का शक हुआ। इस कारण दोनों के बीच विवाद हुआ और वापसी के बाद एक झगड़े में आरोपी ने लोहे के कड़े से पत्नी के सिर पर वार किया, जिससे उसकी हत्या हो गई। इसके बाद आरोपी ने गला दबाकर और मारपीट कर उसकी हत्या सुनिश्चित की और शव को नदी किनारे फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लोहे का कड़ा, मृतका का चप्पल और टूटा हुआ लाल रंग का बाला बरामद किया है। पुलिस अब वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
