द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह के पीरटांड़ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शुक्रवार को राज्यपाल राधाकृष्णन पहुंचे। यहां व्यायामशाला का अवलोकन करते हुए छात्राओं से व्यायाम की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। छात्राओं से पूछा कि क्या वे नियमित रूप से वे व्यायाम करती हैं? उन्होंने बालिकाओं को व्यायाम के प्रति प्रोत्साहित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य अच्छा रहेगा तो पढ़ाई में भी मन लगेगा। उन्होंने कहा कि आप लोग प्रत्येक दिन आधा घंटा व्यायाम करें, आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। राज्यपाल ने पुस्तकालय और क्लासरूम भी पहुंचे। उन्होंने बालिकाओं से वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। पूछा, क्या वे स्कूल में मौजूद सुविधा से खुश हैं? उन्होंने छात्राओं को परिश्रम करने के लिए कहा ताकि आगे डॉक्टर, इंजीनियर, ऑफिसर आदि बन सके। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि मन लगाकर पढ़ें।

कॉलेज के समय में नहीं देखा था कंप्यूटर
राज्यपाल ने निरीक्षण के बाद बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रसन्नता है कि यहां बेहतर शैक्षणिक वातावरण में अध्धयन कर रहे हैं और उपलब्ध सुविधा से खुश हैं। उन्होंने कहा कि उनके अध्य्यन काल में इतनी अच्छी सुविधा नहीं थी। कॉलेज के समय में कंप्यूटर नहीं देखा था। आपको इस आधारभूत संरचना का बेहतर उपयोग करना होगा। आप लक्ष्य निर्धारित करें, उस पथ पर आगे बढ़े। सभी मिलकर सार्थक प्रयास करेंगे तो अवश्य लक्ष्य हासिल करेंगे।

छात्राओं ने राज्यपाल से पूछे प्रश्न
मौके पर कई बालिकाओं ने राज्यपाल से प्रश्न भी पूछे। कौशल विकास के प्रश्न पर राज्यपाल ने कहा कि इतनी कम उम्र में आगे की सोच रहे हैं, ये शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आईआईएम रांची द्वारा एक कौशल विकास पर कार्यक्रम हुआ था। वे इस दिशा में आईआईएम रांची से बात करेंगे। राज्यपाल ने आशा प्रकट करते हुए कहा कि यहां चिकित्सकों द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच होती होगी। कोई गंभीर समस्या होने पर टीचर के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र/ टॉल फ्री नंबर पर फोन कर एंबुलेंस बुला सकते हैं।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT