द फॉलोअप डेस्क
ट्रेड फेयर में देश के साथ विदेशों की भी भागीदारी सुनिश्चित की गई है। मुझे लगता है कि पहले भी ट्रेड फेयर आयाजित हुए उसमें देश से उद्यमी रहते थे लेकिन आपने विदेश के उद्यमियों को भी अपनी चीजें दिखाने का मौका दिया। कहीं न कहीं राज्य में उद्योग को बढ़ाने का ये बेहतर प्रयास है। ये प्रयास मजबूती से आगे बढ़े सरकार की आरे से जो सहयोग चाहिए वो दिया जाएगा। ये बातें मुख्यमंत्री ने सोमवार को मोरहाबादी मैदान में झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एवं जीएस मार्केटिंग के तत्वधान में आयोजित "14वां इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर" के समापन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इस बार इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में देश के उद्यमियों के साथ-साथ विदेशों के उद्यमियों को भी भागीदारी निभाने का मौका मिला है। इस तरह के आयोजन राज्य में उद्योग को बढ़ाने का बेहतर प्रयास है। हमारी सरकार चाहती है कि इस तरह के प्रयास निरंतर मजबूती के साथ होती रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राज्य में औद्योगिक निवेश को लेकर झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ हरसंभव खड़ी रहेगी।

उद्योग के क्षेत्र में क्रांति लाने वाली एचईसी भी झारखंड में है
झारखंड में उद्योगों को लेकर सीएम ने कहा कि यह एक ऐसा प्रदेश है जहां आजादी से पहले से ही उद्यमियों की नजर रही है। चाहे वह औद्योगिक इकाईयां टाटा, बिरला हो अथवा कोल कंपनियां व अलग-अलग तरीके के औद्योगिक घराने हों। देश में उद्योग के क्षेत्र में क्रांति लाने वाली एचईसी भी झारखंड में ही स्थापित है। इतना ही नहीं देश का पहला फर्टिलाइजर फैक्ट्री भी झारखंड में ही लगा था। लेकिन वर्षों के सफर में झारखंड को औद्योगिकरण के क्षेत्र में जहां खड़ा होना चाहिए था उसके अनुरूप आज नही दिख रहा है। लेकिन, हमारी सरकार राज्य में औद्योगिक निवेश के लिए लगातार कदम उठा रही है।

उद्योग को बढ़ावा देने की सभी क्षमता विद्यमान
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य में उद्योग को बढ़ावा देने की सभी क्षमतायें विद्यमान हैं। फिर भी देश में झारखंड पिछड़े राज्यों की श्रेणी में शामिल है। जबकि, देश में कई ऐसे राज्य हैं जिनके पास उतने संसाधन नहीं है, लेकिन आज वे अग्रणी राज्यों में शामिल हैं। यह चिंतनीय विषय है।

एमएसएमई उद्योग को राज्य में बढ़ावा देने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने एक बेहतरीन उद्योग नीति बनाने का कार्य किया है। आज कई छोटे-बड़े कॉरपोरेट घरानों ने यहां निवेश की इच्छा जताई है। पिछले दिनों जमशेदपुर में एक बड़े कॉरपोरेट सेक्टर ने औद्योगिक इकाई स्थापित करने निमित्त शिलान्यास किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार चाहती है कि एमएसएमई उद्योग को राज्य में बढ़ावा मिले। हमारी सरकार औद्योगिक इकाइयों को बढ़ावा देने के लिए 25 प्रतिशत सब्सिडी देने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग की बेहतरी के लिए झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स कि कोई अच्छी योजना हो तो हमारी सरकार सब्सिडी बढ़ाकर 35 से 40 प्रतिशत भी करने पर विचार करेगी।

कई महत्वकांक्षी योजनाएं लाई गई- महुआ माजी
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने को लेकर कई महत्वाकांक्षी योजनाएं लाई गई हैं। राज्य सरकार की सोच है कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर वर्ग और समुदाय को मिले। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में राज्य सरकार एवं झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स बेहतरीन समन्वय बनाकर राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। वहीं, कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को उनकी एक लाइव पोट्रेट तस्वीर सप्रेम भेंट की गई। सीएम ने ट्रेड फेयर में लगे स्टॉल्स का जायजा भी लिया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT