द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची में अपराध पर लगाम लगाने और पुलिस की सक्रियता परखने के लिए एसएसपी राकेश रंजन एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। 13 मार्च की देर रात उन्होंने अचानक शहर की सड़कों पर निकलकर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस पेट्रोलिंग का औचक निरीक्षण किया। एसएसपी राकेश रंजन आधी रात के बाद करीब एक बजे बिना किसी पूर्व सूचना के शहर के विभिन्न इलाकों का जायजा लेने पहुंचे। उनके इस सरप्राइज निरीक्षण की जानकारी पहले से किसी भी पुलिस अधिकारी या थाना कर्मियों को नहीं थी। निरीक्षण के दौरान एसएसपी की गाड़ी शहर के कई पेट्रोलिंग प्वाइंट्स पर पहुंची, जहां उन्होंने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और उनकी सक्रियता की जांच की। इस दौरान उन्होंने बिरसा चौक, मेन रोड (एकरा मस्जिद समेत अन्य संवेदनशील स्थान), हरमू बायपास रोड और अरगोड़ा चौक सहित कई प्रमुख स्थानों का दौरा किया। जांच के दौरान ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने एक पुलिस पदाधिकारी पर सख्त कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। एसएसपी की इस अचानक कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे और ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
