द फॉलोअप डेस्क
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा जारी 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में सिमडेगा जिले के बानो प्रखंड अंतर्गत बरसलोया गांव की छात्रा शिवांगी कुमारी ने राज्य में टॉप कर जिले का नाम रोशन किया है। शिवांगी ने 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर झारखंड टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। इस उपलब्धि के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

शुरू से मेधावी रही है शिवांगी
शिवांगी एस एस हाई स्कूल बानो की छात्रा हैं और उन्होंने नियमित अध्ययन के दम पर यह सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह है और सहपाठी भी उन्हें बधाई दे रहे हैं। परिजनों के अनुसार, शिवांगी शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और हर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती आई हैं।

स्कूल और ग्रामीणों में खुशी की लहर
बानो SS+2 के प्राचार्य आनंद कुमार ने शिवांगी की सफलता को उसकी मेहनत और लगन का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं ग्रामीणों ने भी छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।