logo

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन आज, सदन की कार्यवाही हंगामेदार होने के आसार

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन आज, सदन की कार्यवाही हंगामेदार होने के आसार

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही मंगलवार, 25 फरवरी को सुबह 11 बजे आरंभ होगी। सत्र हंगामेदार होने के पूरे आसार है। विपक्ष सत्ता पक्ष को घेरने का कोई मौका हाथ से जाने देने वाली नहीं है। पहली पाली में प्रश्नकाल होंगे, जिसमें तारांकित व अल्पसूचित प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके अलावा शून्यकाल की सूचनाएं ली जाएगी। द्वितीय पाली में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और वाद-विवाद होगा। विधानसभा बजट सत्र के पहले दिन हाल ही में दिवंगत हुई कई प्रतिष्ठित हस्तियों और आम नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक प्रस्ताव पारित किया गया। सदन ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि राज्य ने कई महत्वपूर्ण व्यक्तियों को खो दिया है, जिनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। विधानसभाध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो, भाजपा विधायक बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव, राजद विधायक सुरेश पासवान, जदयू विधायक सरयू राय, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान, आजसू के निर्मल महतो तथा जेएलकेएम के जयराम महतो ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।