द फॉलोअप डेस्क
गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा पहाड़ी स्थित बजरंग नगर में बुधवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस दौरान एक पक्ष ने 19 वर्षीय युवक आकाश सिंह पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया। घायल आकाश सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, टुईलाडुंगरी ए-ब्लॉक निवासी आकाश सिंह बुधवार शाम करीब 4 बजे बजरंग नगर से गुजर रहा था, तभी घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया और सिर, पीठ, चेहरे व पेट पर कई वार किए। बताया जा रहा है कि आकाश का बस्ती के ही बंटी सिंह से पुराना विवाद चल रहा था और उसी को लेकर पहले दोनों के बीच झड़प हुई थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
जमशेदपुर में पिछले 24 घंटे में चापड़ से हमले की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में भी दो युवकों पर हमला हुआ था। वहीं, 24 फरवरी को हुए एक अन्य हमले में घायल युवक कमलजीत सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने थाना परिसर में प्रदर्शन किया। लगातार बढ़ती ऐसी घटनाएं शहर में बदलते अपराध ट्रेंड की ओर इशारा कर रही हैं और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।