द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
खुद को झारखंड पुलिस में दारोगा बताकर एक युवती को अपने जाल में फंसाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रांची पुलिस और गया जिले के मुफस्सिल थाने की संयुक्त टीम ने गया के मानपुर इलाके में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र की विष्णु विहार कॉलोनी निवासी मिथिलेश प्रसाद सिंह के पुत्र अविनाश कुमार उर्फ राज शर्मा के रूप में हुई है। आरोपी पर खुद को झारखंड पुलिस का दारोगा बताकर युवती को झांसे में लेने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।

गया से गिरफ्तार आरोपी को रांची लायी पुलिस
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद रांची पुलिस उसे अपने साथ रांची ले आयी है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। हालांकि, आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही निकलेगा।